Moradabad: रिश्तेदार ने युवती से बढ़ाई पहचान, घर में घुसकर किया दुष्कर्म, वीडियो बनाकर करने लगा ब्लैकमेलिंग
कुंदरकी की रहने वाली युवती ने रिश्तेदार पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जान पहचान बढ़ाई। इसके बाद एक वीडियो तैयार कर ली। अब वह ब्लैकमेल करने लगा है।
विस्तार
कुंदरकी क्षेत्र में रहने वाली युवती ने रिश्तेदार पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान मोबाइल से वीडियो भी बना ली। अब वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा है।
पीड़िता ने एसपी देहात को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित युवती ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पिता ट्रक चालक हैं। आरोपी युवक रामपुर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र के गांव का निवासी है। आरोपी उसका दूर का रिश्तेदार है। जिस कारण आरोपी का उसके घर आना जाना था।
इस दौरान आरोपी और युवती के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। छह जनवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी युवती के घर पहुंच गया। उस वक्त पीड़िता के पिता ट्रक चलाने गए थे जबकि मां दूसरे कमरे में सो रही थी। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बना ली।
अब आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा है कि अगर कहीं शिकायत की तो वह उसकी वीडियो वायरल कर देगा। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने कुंदरकी थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म करने में दो और आरोपी गिरफ्तार
डिलारी थाना क्षेत्र से 10 वीं की छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म करने वाले दो और आरोपी सोनू और मुकीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। इस मामले में मुख्य आरोपी नदीम को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय छात्रा मामले को लेकर पांच जनवरी को पुलिस को तहरीर दी थी।
बताया था कि वह क्षेत्र के ही एक स्कूल में 10वीं में पढ़ती है। छात्रा का आरोप है कि 27 दिसंबर को वह स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में उसे कार सवार नदीम दो दोस्त सोनू और मुकीम के साथ मिला। तीनों उसे कार में अगवा कर भोजपुर थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले में पुलिस ने शनिवार (छह जनवरी) को पुलिस ने मुख्य आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं बुधवार को डिलारा चौराहे से ढकिया निवासी आरोपी सोनू और मुकीम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।