Moradabad: बिना एनओसी 24 साल तक आबादी में चलता रहा पीवीसी पाइप का गोदाम, आग लगने के बाद मालिक को नोटिस जारी
हनुमान मूर्ति तिराहे के पास 24 साल से बिना फायर एनओसी के चल रहे गोदाम में भीषण आग लग गई थी। इसे बाद प्रशासन को 500 घर खाली कराने पड़े। अग्निशमन विभाग ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई और गोदाम स्वामी को नोटिस जारी कर तलब किया।
विस्तार
हनुमान मूर्ति तिराहे के पास पीवीसी पाइप और वाटर टैंक का गोदान 24 साल से बिना फायर एनओसी के चल रहा था। बृहस्पतिवार को गोदाम में लगी भीषण आग बुझाने के बाद अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने जांच की तो गोदाम की एनओसी नहीं मिली। अधिकारियों ने गोदाम स्वामी को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब तलब किया है।
कोतवाली के बुधबाजार निवासी सचिन मित्तल की बुध बाजार में पीवीसी पाइप और वाटर टैंक समेत अन्य सेनेटरी के सामान की दुकान है। उन्होंने कटघर क्षेत्र में हनुमान मूर्ति तिराहे के पास गोदाम बना रखा था। यह गोदाम 2001 से चल रहा था। जिसमें पीवीसी पाइप, टैंक समेत अन्य सामान रखा गया था।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे गोदाम में आग लग गई थी। पीवीसी पाइप और टैंक में आग लगने के कारण जहरीला धुआं फैल गया था। चार घंटों की मशक्कत के बाद मुरादाबाद समेत संभल, अमरोहा व रामपुर की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग बुझाई जा सकी थी। साथ ही हादसे के डर से 500 घरों को भी खाली करा लिया गया था।
गोदाम से निकले जहरीले धुएं से हजारों की जिंदगी खतरे में पड़ गई। सीएफओ केके ओझा ने बताया कि गोदाम चलाने के लिए अग्निशमन विभाग से गोदाम स्वामी ने कोई एनओसी नहीं ली थी। गोदाम में आग बुझाने के उपकरण भी नहीं थे। उन्होंने कहा कि गोदाम स्वामी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उनसे आग लगने के कारणों के बारे में भी पूछताछ की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घरों की छत पर रखा सामान भी जला
गोदाम में लगी आग की चिंगारी से आसपास के चार मकानों की छतों पर रखा सामान भी जलकर राख हो गया। इसके अलावा नौ मकानों में दरारें आ गईं। कई लोगों के घर धुएं से काले पड़ गए। शुक्रवार को दमकल विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र में निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। तब पता चला कि सचिन मित्तल के गोदाम के बराबर में सोनू, अनिल, इंदु और दीपा के मकान हैं। बृहस्पतिवार दोपहर साढ़े तीन बजे गोदाम में आग लगने के बाद आसपास के मकानों में चिंगारी गिरी थी।
नगर विधायक ने लिया जायजा
हनुमान मूर्ति तिराहे के पास देहरी गांव स्थित पीवीसी पाइप के गोदाम में आग लगने की घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को नगर विधायक रितेश गुप्ता मौके पर पहुंचे। विधायक ने गोदाम के मालिक कारोबारी सचिन मित्तल से बातचीत कर अग्निकांड में हुए नुकसान की जानकारी ली।