मुरादाबाद: हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट से टूटा तार, करंट से झुलसे दंपती और बेटा, मोहल्ले में मच गया हड़कंप
मुरादाबाद में हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट से तार टूट गया। इसकी चपेट में आने से दंपती और उनका बेटा झुलस गया। उनकी चीखपुकार सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
विस्तार
मझोला थानाक्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी में शुक्रवार की रात करीब एक बजे हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने से तार टूटकर एक मकान के पास गिर गया। मकान में करंट दौड़ने से दंपती और और सात साल का बेटा झुलस गया। तीनों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि फर्मकर्मी ओमपाल अपनी पत्नी बबीता और बेटे हर्षित के साथ मझोला के दुर्गा कॉलोनी में रहते हैं। रात को बिजली गुल होने पर तीनों छत पर सोने चले गए थे।
रात करीब एक बजे बिजली सप्लाई शुरू हो गई थी। इसके बाद ओमपाल, बबीता और हर्षित नीचे आ गए। इसी दौरान इनके मकान के बराबर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट हो गया। जिससे तार टूट कर मकान के बराबर में गिर गया और करंट ओमपाल के घर में भी दौड़ गया।
करंट लगने से ओमपाल, बबीता, हर्षित झुलस गए। तीनों की चीख-पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए और पुलिस बुला ली। पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद कराई। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल भिजवा कर भर्ती करा दिया, जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
युवक का हाल जानने अस्पताल पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
मैनाठेर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से झुलसे युवक का हालचाल जानने के लिए सैनी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल साईं अस्पताल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान सीए अजय कुमार सैनी, डॉ. अशोक सैनी, चंदन रैदास और बिरजू सैनी मौजूद रहे। सभी ने चिकित्सकों से युवक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।