Moradabad: सोशल मीडिया में पोस्ट कर बयां किया दर्द, फिर कर ली आत्महत्या... पत्नी व ससुराल वालों पर केस
कांठ में युवक की आत्महत्या मामले में पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवक ने व्हाटसएप पर पोस्ट कर इसके लिए पत्नी और ससुराल वालों को जिम्मेदार भी ठहराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
पत्नी और ससुराल वालों से परेशान होकर रिजवान के जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने पिता की शिकायत पर उसकी पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज किया है। छजलैट के गांव सदरपुर मतलबपुर निवासी रिजवान की शादी करीब तीन वर्ष पहले साजिदा निवासी भीकनपुर से हुई थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही साजिदा रिजवान पर शहर में रहने के लिए दबाव बनाने और ऐसा न करने पर तलाक देने को कहने लगी। इसकी शिकायत रिजवान ने अपने ससुर मोहम्मद इलियास उर्फ कलुआ, सास और पत्नी के भाई शहजाद से की।
लेकिन इन लोगों ने बेटी की बात मानने और ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि इसी से तंग आकर रिजवान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले से उसने व्हाटसएप पर पोस्ट कर इसके लिए पत्नी और ससुराल वालों को जिम्मेदार भी ठहराया था।
मृतक के पिता ने उसकी पत्नी और ससुराल वालों पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला से युवक ने की मारपीट और मोबाइल भी तोड़ा
कांठ में बिना किसी बात के युवक ने महिला के साथ गाली गलौज कर मारपीट की और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। नगर के पट्टी मौढ़ा निवासी अनीता ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह ने उसे पहले तो गंदी-गंदी गालियां दी और विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट में वह घायल हो गई। पुलिस ने घायल का उपचार कराकर आरोपी दिग्विजय के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
दंपती सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट
गांव बिचपुरी के रहने वाले रहीश और हनीफ के साथ नूर मोहम्मद उसकी पत्नी आशा निवासी गांव शाहपुर के साथ ही दो अज्ञातों ने बिना किसी बात शाहपुर चौराहे पर दोनों घेरकर मारपीट की। जिससे दोनों घायल हो गए।
आरोपियों ने गाली गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी है। इस मामले में पुलिस ने जरीफ अहमद की तहरीर पर दंपती और दो अज्ञातों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।