Moradabad: गोद भराई के पांच दिन बाद युवती अगवा, सामान खरीदने गए थी बाजार, फोन पर बेटी से बात करने वाले पर शक
मुरादाबाद के मझोला थानाक्षेत्र में बाजार गई युवती को युवक अगवाकर ले गया। युवती की मां की शिकायत पर आरोपी युवक आकाश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया गया कि युवती चाची और बच्चों के साथ बाजार गई थी।
विस्तार
मझोला थानाक्षेत्र में बाजार गई 19 वर्षीय युवती को युवक अगवाकर ले गया। युवती की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पांच दिन पहले ही युवती की गोद भराई हुई थी।
मझोला क्षेत्र के मानपुर नारायणपुर निवासी महिला ने दर्ज कराए केस में बताया कि उसकी बेटी 14 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे अपनी चाची और परिवार के बच्चों के साथ बाजार से सामान खरीदने गई थी। महिला ने बताया कि बेटी ने अपनी चाची से कहा कि वह पानी की बोतल लेकर आ रही है।
इसके बाद युवती वापस नहीं आई। नौ जुलाई को युवती की गोद भराई हुई थी। युवती अपने साथ सोने की चेन, कुंडल, अंगूठी और चांदी की पायल भी ले गई है। महिला का आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाला युवक आकाश उसकी बेटी से फोन पर बातचीत करता था।
आकाश ही उसकी बेटी को बाजार से अगवाकर ले गया है। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
गलशहीद में किशोरी से दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार
गलशहीद थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ आरोपी युवक ने दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गलशहीद थाना क्षेत्र निवासी महिला ने गलशहीद के पक्का बाग निवासी जैबू के खिलाफ केस दर्ज कराया था जिसमें महिला ने बताया कि आरोपी ने करीब एक साल पहले उसकी बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बना लिया जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार दोपहर उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।