Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   Moradabad: Fight between former BJP MLA and Block pramukh, programme was on eight years of government

Video: BJP के पूर्व विधायक और ब्लॉक प्रमुख में मारपीट, सरकार के आठ साल पूरे होने पर चल रहा था कार्यक्रम

Thu, 27 Mar 2025 06:49 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद Published by: विमल शर्मा Updated Thu, 27 Mar 2025 06:49 PM IST
सार

मुरादाबाद के छजलैट में भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक और ब्लॉक प्रमुख के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दाैरान दोनों पक्षों के लोगों ने जमकर हंगामा काटा। 

विज्ञापन
Moradabad: Fight between former BJP MLA and Block pramukh, programme was on eight years of government
छजलैट में भाजपा नेताओं के बीच मारपीट - फोटो : वीडियो ग्रैब

विस्तार

 

विज्ञापन

कांठ में प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को छजलैट ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू और ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के बीच मुख्य अतिथि के मुद्दे पर विवाद हो गया।  

मंच पर ही दोनों नेताओं के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान दोनों के समर्थक भी भिड़ गए और उनके बीच पानी की बोतलें और कुर्सियां चलीं। घटना में राजपाल सिंह घायल हो गए। हंगामे की सूचना पर सीओ के साथ पहुंचे एसडीएम ने दोनों पक्षों को शांत कराया।

विज्ञापन


अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। प्रदेश सरकार की आठ साल की उपलब्धियां गिनाने के लिए बृहस्पतिवार को छजलैट ब्लॉक सभागार में सेवा, सुरक्षा और सुशासन कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच कांठ से भाजपा के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह भी पहुंच गए। उस समय सभागार में खंड विकास अधिकारी नहीं थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


पूर्व विधायक ने कार्यक्रम में बैठने की उचित व्यवस्था न होने और बीडीओ के गायब होने पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही मुख्य अतिथि के बैनर पर नाम न होने पर पूर्व विधायक और ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के बीच मंच पर ही कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों में धक्कामुक्की और मारपीट शुरू हो गई।

बात बढ़ी तो दोनों नेताओं के समर्थक भी आपस में भिड़ गए। हंगामे और मारपीट के दौरान पानी की बोतलें और कुर्सियां भी फेंकी गईं, जिसमें ब्लॉक प्रमुख घायल हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष छजलैट विजेंद्र सिंह राठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए अलग-अलग किया।

साथ ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर एसडीएम संत दास पंवार, सीओ अपेक्षा निम्बाडिया, थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ विजेंद्र सिंह भी ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर शांति बनाए रखने की अपील की।

इस मामले दोनों पक्षों में से किसी ने भी रात तक कार्रवाई के लिए पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी। दोनों पक्ष एक दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं।

मुरादाबाद में कुत्ते हुए खूंखार: एक घंटे के भीतर दस बच्चों को बनाया निशाना, दो की हालत गंभीर.. पहुंचाए अस्पताल

Trending Videos

विवाद के बाद उजड़ गया कार्यक्रम 
पूर्व विधायक और ब्लाॅक प्रमुख के बीच हुई मारपीट के बाद कार्यक्रम पूरी तरह उजड़ गया। कार्यक्रम में मौजूद तमाम महिलाएं, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बीडीसी भी अपने घर चले गए। कार्यक्रम में कुछ लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जाना था, लेकिन विवाद के बाद वह भी नहीं हो सका। भाजपा नेताओं के बीच हुआ विवाद पूरा दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल 
भाजपा नेताओं के बीच हुई मारपीट का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में दोनों नेता एक दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोग जमकर शेयर कर रहे हैं।

छजलैट ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि थे। बैनर पर ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह का नाम लिखा था। राजपाल सिंह कल के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। इसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मैंने दोनों से बात कर उन्हें समझा दिया है। - आकाश पाल, जिलाध्यक्ष, भाजपा

पार्टी और मंडल कार्यकारिणी की ओर से मुझे कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया गया था। ब्लॉक से भी फोन कर कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, लेकिन हमसे पहले ब्लॉक प्रमुख वहां पहुंच गए और मुख्य अतिथि की कुर्सी पर बैठ गए। पूछने पर कहा कि हम ब्लॉक के मालिक हैं। कार्यक्रम में हमारे लिए कोई व्यवस्था नहीं थी और न ही बीडीओ माैजूद थे। बैनर पर भी मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख का नाम था। मैंने इस बारे में पूछा तो ब्लॉक प्रमुख भड़क गए और धक्कामुक्की करने लगे। महिला मंडल अध्यक्ष के साथ भी अभद्रता की गई। मेरा कोई दोष नहीं है। मैं पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। - राजेश कुमार सिंह चुन्नू, पूर्व विधायक, कांठ 

पूर्व विधायक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नहीं थे और बिना बुलाए ही आ गए थे। मैं कार्यक्रम का मुख्य अतिथि था और मेरा ही नाम बैनर पर लिखा था, लेकिन जब मैंने पूर्व विधायक को आते देखा तो एक कुर्सी उनके लिए छोड़ दी थी। कहासुनी और मारपीट की पहल पूर्व विधायक और उनके समर्थकों की ओर से की गई थी। मैंने कोई मारपीट नहीं की है। मैं तो कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं के बारे में लाभार्थियों और क्षेत्र के लोगों को बता रहा था। मैंने हमेशा सरकार और पार्टी का सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। - राजपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख, छजलैट 

ब्लॉक सभागार में कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक और ब्लॉक प्रमुख के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की दोनों पक्षों से जानकारी ली गई है। दोनों ही पक्षों को समझाकर शांति  बनाए रखने के लिए कहा गया है।   - संत दास पंवार, एसडीएम, कांठ 

ब्लॉक प्रमुख और पूर्व विधायक में हुए विवाद की सूचना पाकर मौका मुआयना किया था। इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है। दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने के लिए कहा गया है। - अपेक्षा निम्बाडिया, सीओ, कांठ

आठ साल में साढ़े सात लाख युवाओं को दी गई नाैकरी : भूपेंद्र
योगी सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर की है। पिछले आठ साल में सरकार ने साढ़े सात लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी दी है। यूपी धार्मिक दृष्टि से पर्यटन वाला सबसे बड़ा प्रदेश बन गया है। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चाैधरी भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को पंचायत भवन में प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित गोष्ठी में कहीं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जनता के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यूपी देश का ग्रोथ इंजन बन गया है। प्रदेश सरकार अपने संकल्पों को प्रत्येक क्षेत्र में साकार कर रही है। बिना भेदभाव विकास कार्य किए जा रहे हैं। पिछले आठ वर्ष में सरकार ने उत्तर प्रदेश को एक नए युग में लाने का कार्य किया है। भाजपा की विचारधारा पूर्णत: स्वदेशी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों की वजह से आज बदलता हुआ और विकसित उत्तर प्रदेश सबके सामने है। हमारी सरकार अपराध और अपराधी के खिलाफ जीरो टाॅलरेंस की नीति अपना रही है। प्रदेश के सभी जिलों में साइबर थानों की स्थापना की गई है, ताकि तकनीक के माध्यम से अपराध पर नियंत्रण किया जा सके।

सरकार 15 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। सभी जिलों में एक-एक मेडिकल काॅलेज की स्थापना के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अयोध्या, ब्रज क्षेत्र, चित्रकूट, देवीपाटन, नैमिषारण्य आदि तीर्थों के विकास के लिए विकास परिषदों का गठन किया गया है।

सीएम योगी के नेतृत्व में दिव्य और भव्य महाकुंभ सरकार ने आयोजित किया। महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई, जो एक रिकाॅर्ड है। उत्तर प्रदेश सर्वाधिक एक्सप्रेस-वे वाला प्रदेश बन गया है। प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे हैं। 11 एक्सप्रेस-वे पर सरकार तेजी से कार्य कर रही है।

देश की पहली रैपिड रेल सेवा उत्तर प्रदेश में संचालित है। पिछले आठ वर्षों में 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठाने का कार्य किया गया है। नाै करोड़ लोगों को गोल्डन आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित किया गया। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर है।

प्रदेश एक ट्रिलियन डाॅलर की अर्थव्यवस्था बनने की कगार पर है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम युवा उद्यमी विकास योजना, शिक्षा, उद्योग, प्रधानमंत्री आवास, एनआरएलएम, कृषि, चिकित्सा विभाग आदि के लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed