Moradabad: मैं देखता हूं.... मुझे सवारी बैठाने से कौन रोक सकता है, ऑटो चालकों में जमकर मारपीट
टेंपो में सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालकों में मारपीट हो गई। इसमें एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
अगवानपुर में टेंपो में सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालकों में जमकर मारपीट हुई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के कस्बा अगवानपुर में अवैध टेंपो स्टैंड संचालित होते हैं। रविवार की दोपहर दो बजे करीब एक सवारी ऑटो में खुद आकर बैठ गई।
तब दूसरे चालक ने सवारी को यह कहकर उतार लिया कि उसका पहले नंबर है। इसी बात पर चालक भड़क गया और उसने झगड़ा शुरू कर दिया। शाम चार बजे गलशहीद थानाक्षेत्र के असालतपुरा निवासी चालक ऑटो लेकर स्टैंड पर पहुंचा गया। उसने कई सवारियों को अपने ऑटो में बैठा लिया।
वह धमकी देने लगा कि मैं देखता हूं मुझे सवारी बैठाने से कौन रोक सकता है। इस पर स्थानीय ऑटो चालक भड़क गए। चालकों ने उसको पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें चालक घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि झगड़े की सूचना नहीं हैं। यदि कोई सूचना देगा तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने का विरोध करने पर दंपती, किशोरी को पीटा
अगवानपुर के काजीपुरा गांव में घर के सामने शराब पीने से मना करने पर कुछ लोगों ने किशोरी और उसके मां-बाप की पिटाई कर दी। पीड़ितों ने कार्रवाई के लिए अगवानपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी है। सिविल लाइंस के काजीपुरा निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के कुछ लोग उसके घर के सामने बैठकर शराब पी रहे थे।
उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। राजेंद्र की पत्नी और 13 वर्षीय बेटी को भी पीटकर घायल कर दिया। राजेंद्र ने सात लोगों के खिलाफ खिलाफ अगवानपुर चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है।