Moradabad: जिला अस्पताल की इमरजेंसी मरीजों से भरी, बुखार-डायरिया के केस ज्यादा, एक बेड पर दो का हो रहा उपचार
मुरादाबाद में गर्मी का सितम लगातार जारी है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। जिले में बुखार और डायरिया के मरीज अचानक बढ़ गए हैं। इसका असर जिला अस्पताल में भी देखा जा रहा है।
विस्तार
यदि आप फील्ड में काम करते हैं या सफर कर रहे हैं तो बार-बार पानी पीते रहें और सिर पर सूती गमछा रखें। बाहर का खाने से भी बचें। गर्मी में जरा सी लापरवाही से आपको वायरल इन्फेक्शन, फूड पॉयजनिंग या डायरिया का सामना करना पड़ सकता है।
अस्पतालों में मरीजों का बढ़ता आंकड़ा यही कह रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोज बुखार के 200 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। जबकि भर्ती होने वालों का आंकड़ा भी 100 के पार है। जिला अस्पताल में 240 बेड हैं, जबकि 260 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं।
ऐसे में कुछ वार्डों में एक बेड पर दो मरीज भी भर्ती किए गए हैं। बच्चा वार्ड, जीरियाटिक वार्ड, मेडिसिन वार्ड, फीवर वार्ड तक सभी जगह मरीजों की भरमार है। ज्यादातर मरीज बुखार व उल्टी-दस्त की परेशानी वाले हैं।
भर्ती करने के बाद इन्हें फ्लड चढ़ाया जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि बाहर का तला-भुना खाने व गर्मी में सावधानी न बरतने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में गर्मी व लू का प्रभाव बढ़ेगा। इसलिए अस्पताल में कोल्ड रूम भी तैयार किए गए हैं।
गर्मी में सिर्फ पानी नहीं, ओआरएस पीएं
फिजीशियन डॉ. विनीत तोमर का कहना है कि जो लोग धूप में फील्ड में काम करते हैं। खासकर डिलीवरी बॉय, मजदूर, रिक्शा चालक व अन्य, उन्हें अपने साथ पानी की बोतल रखनी चाहिए। पानी में इलेक्टरॉल या ओआरएस मिलाकर पीएं। इससे शरीर में डिहाइड्रेशन नहीं होगा। हर दिन नारियल पानी पीने से भी डायरिया से बचे रहेंगे। दही, छाछ व सलाद का इस्तेमाल भोजन के साथ करें।
तारीख मरीज
1 मई 1503
2 मई 1329
3 मई 874
4 मई 1354
5 मई 1540
6 मई 1546
7 मई 1352
तारीख भर्ती मरीज
1 मई 140
2 मई 103
3 मई 107
4 मई 98
5 मई 129
6 मई 140
7 मई 106
- बाहर से आकर फौरन ठंडा पानी न पीएं
- गर्मी से फौरन एसी में या एसी से गर्मी में न जाएं
- रात में हल्का खाना खाएं
- सलाद, दही, छाछ, नारीयल पानी का सेवन करें
- पूरी आस्तीन के सूती कपड़े पहनकर बहर निकलें
- जंक फूड बिल्कुल न खाएं
- बच्चों व बुजुर्गों को दोपहर 12 से 3 तक बाहर न निकालें