Moradabad Crime News: दरोगा को मारी टक्कर.. दो बाइक सवार पकड़े, गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक को पीटा
सीआरपीएफ दरोगा की स्कूटी को चार बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, गणेश प्रतिमा विसर्जन के दाैरान युवक को कुछ लोगों ने पीट दिया। पुलिस ने नाै लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विस्तार
नया मुरादाबाद में जम्मू सीआरपीएफ में तैनात दरोगा की स्कूटी में शुक्रवार को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 में तैनात पुलिस कर्मियों ने बाइक सवार दो लोगों को पकड़कर पाकबड़ा थाने के हवाले कर दिया।
आवास विकास बुद्धि विहार फेज-11 निवासी विचित्र शर्मा ने मझोला पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बड़े भाई सत्यवृत शर्मा सीआरपीएफ के डीआईजी रेंज जम्मू कार्यालय में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं। छुट्टी लेकर घर आए बड़े भाई शुक्रवार को अपनी पत्नी शिक्षा शर्मा के साथ स्कूटी से नया मुरादाबाद सेक्टर-एक भूखंड देखने के लिए गए थे।
इस दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें दरोगा को दिल्ली रोड पर स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 में तैनात पुलिस कर्मियों ने दो बाइक सवारों को धर दबोचा।
मझोला पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 और 125 (बी) के तहत केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य दो आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
युवक को पीटा, नौ पर मुकदमा
दबंगों ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक को पीट दिया। शिकायत करने पर भी दबंगों ने मारपीट की। इस मामले में शिकायत करने पर सिविल लाइंस पुलिस ने चार नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। चक्कर की मिलक निवासी चंद्रपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा सदैव दो सितंबर को मोहल्ले के लोगों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए सीएल गुप्ता घाट तक गया था।
आरोप लगाया कि विसर्जन के दौरान मोहल्ले के ही देवेंद्र, लक्की, पवन और धमेंद्र ने सदैव के साथ मारपीट की। घटना के समय मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर विवाद शांत कराया। पांच सितंबर को वह आरोपी देवेंद्र के पिता भूरे सिंह से बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर शिकायत करने लगे।
इस बीच आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लेकर आई और समझौता करा दिया। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी देवेंद्र लक्की, पवन व धमेंद्र पांच अन्य साथियों के साथ हाथ में लाठी-डंडा और सरिया लेकर उसके बेटे को गैराज के पास घेर लिया।
मौके पर भीड़ इकट्ठा होने के कारण हमलावर धमकी देते हुए मौके से चले गए। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि देवेंद्र, उसके भाई लक्की, पवन, धमेंद्र और पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।