Moradabad Crime News: घर में घुसकर महिला को पीटा...दुष्कर्म का प्रयास, कारोबारी के बेटे ने पेड़ से लटक दी जान
सिविल लाइंस थाने में महिला ने अपने कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। आरोप लगाया कि दो लोग उसके घर में घुस आए और उन्होंने दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की है। उधर, ठाकुरद्वारा में कारोबारी के बेटे ने फंदे से लटककर जान दे दी।
विस्तार
सिविल लाइंस थाने में महिला ने अपने ननदोई और दूसरे ननदोई के बेटे पर केस दर्ज कराया है जिसमें महिला ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसके घर में घुस आए और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की है। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित महिला ने बताया कि उसने अपने पति के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर कराया था।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पीड़िता को उसकी ससुराल में रहने की व्यवस्था कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 18 अगस्त 2025 की रात करीब नौ बजे वह दुकान से दूध लेकर घर लौट रही थी। उसने जैसे ही मकान का दरवाजा खोला। इसी दौरान पीछे से ननदोई आ गया और उसने पीड़िता को धक्का देकर कमरे में बेड पर गिरा दिया।
आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को निकाला
मझोला थानाक्षेत्र के मानपुर नारायणपुर मिनी वर्मा ने पति सोने वर्मा समेत चार पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट में केस दर्ज कराया है जिसमें पीड़िता ने बताया कि चार नवंबर 2011 को उसकी शादी मझोला के प्रकाश नगर निवासी सोनू वर्मा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति, उसका भाई गोविंदराम, संजय और गोविंदराम की पत्नी अनीता आए दिन उसे कम दहेज का ताने देने लगे।
पीड़िता पर दबाव बनाया गया कि वह अपने मायके से बाइक और पचास हजार रुपये लेकर आए तब ही उसे ससुराल में रहने दिया जाएगा। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे 11 सितंबर 2025 की शाम चार बजे घर से निकाल दिया। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
एक लाख की चरस के साथ युवक गिरफ्तार
पाकबड़ा पुलिस ने बुधवार की सुबह चेकिंग के दौरान युवक एक किलो 70 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक मोईन बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय रफी निवासी है। चरस की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाले में पेश किया गया है।
नाबालिग को ले जाने में दो के खिलाफ केस दर्ज
कांठ क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण ने कांठ थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया है कि मंगलवार की दोपहर उत्तराखंड के देहरादून का रहने वाला अनमोल और डिलारी थाने के गांव का सचिन उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं ले गए हैं। कांठ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर नाबालिग और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अधिवक्ता के घर हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज
ठाकुरद्वारा के गांव टांडा अफजल में अधिवक्ता सहित चार घरों में हुई चोरी की रिपोर्ट पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर एक माह बाद दर्ज की है। गांव निवासी प्रेम राज सिंह एडवोकेट ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह मुरादाबाद में रहकर प्रैक्टिस करता है। जबकि उसका परिवार उत्तराखंड के जसपुर में रहता है। उसके भाई राजेश कुमार ने 24 अगस्त को बताया कि ताला तोड़कर चोर सामान ले गए हैं। चोरों ने इसी गांव के अशोक कुमार, पप्पू सिंह, सतबीर सिंह के घरों में भी चोरी की है। चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
पशु व्यापारी के बेटे ने पेड़ से लटक कर दे दी जान
ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र के गांव में पशु व्यापारी के बेटे ने बुधवार को प्रेमिका से झगड़ा होने के बाद पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस पहुंची तो परिजनों और ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि पशु व्यापारी के 22 वर्षीय बेटे का गांव में रहने वाली शादीशुदा महिला से दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। तीन माह पूर्व गांव में पंचायत भी हुई थी। पंचायत ने दोनों का निकाह कराने को कहा लेकिन विवाहिता का तलाक नहीं हो पाया।