Moradabad: बीएसएनएल के 4 जी उपकरण चालू नहीं, बाजार में बिकने लगे 5 जी सिम, पता चला ताे अफसर भी रह गए हैरान
मुरादाबाद में बीएसएनएल के 5जी सिम बिकने लगे हैं जबकि अभी सभी जगहों पर 4 जी उपकरण भी नहीं लग पाए हैं। अफसरों को जांच में पता चला कि उत्तराखंड रीजन में यह सिम जारी किए गए हैं। जिसे शहर में भी बेचा जा रहा है।
विस्तार
मुरादाबाद जिले में बीएसएनएल कंपनी का 4 जी मोबाइल नेटवर्क अभी ठीक ढंग से चालू नहीं हुआ है लेकिन शहर में उत्तराखंड के वेंडर 5 जी सिम बेच रहे हैं। इसकी जानकारी विभाग के अधिकारियों को भी नहीं है। ये वेंडर भोलेभाले ग्राहकों को झांसा देकर 5 जी का सिम बेच देते हैं। इसके बाद गायब हो जाते हैं।
शहर के नवीन नगर में भी वेंडर छतरी लगाकर 5 जी सिम बेच रहे हैं। वे ग्राहकों को 99 रुपये में रोजाना दो जीबी डाॅटा, दो महीने तक कॉल फ्री का आफर दिखाकर काफी संख्या में सिम बेच चुके हैं। कम रुपये में अधिक फायदा समझकर ग्राहक सिम को खरीद भी रहे हैं।
वेंडर एक दिन में दो से तीन 5 जी सिम आसानी से बिक्री कर देते हैं।
इस बारे में बीएसएनएल के अधिकारियों ने बताया कि फोर जी नेटवर्क सिर्फ अमरोहा गेट पर चालू किया गया है। बीएसएनएल सिम के उपभोक्ता अभी तक थ्री जी नेटवर्क से काम चला रहे हैं। वहीं वेंडर ग्राहकों को 5 जी नेटवर्क चालू होने का सब्जबाग दिखाते हैं।
ग्राहक सिम कार्ड पर 5 जी रेड्डी का लोगो, देखकर विश्वास कर लेते हैं लेकिन टेस्ट करने पर उसमें 5 जी नेटवर्क चलता ही नहीं है। शहर के बीएसएनएल कार्यालय में अभी 5 जी सिम आया ही नहीं है। इसी कारण विभाग 2019 से फोर जी सिम की बिक्री कर रहा है। शहर में बीएसएनएल सिम उपभोक्ताओं के लिए 99 रुपये में कोई आफर ही नहीं हैं।
4 जी के 71 उपकरणों में से सिर्फ आठ ही लगाए गए
शहर में निजी कंपनियों के 4 जी और 5 जी नेटवर्क तेजी से चल रहे हैं। वहीं बीएसएनएल ने इस साल अपने ग्राहकों के लिए फोर जी सेवा की नई सौगात लेकर आया है। फोर जी उपकरण लगाने का काम शुरु भी हो गया है। मंडल में पूरे 71 फोर जी उपकरण लगाए जाएंगे।
इसमें सिर्फ आठ उपकरण की लगाए गए हैं। उपकरण लगाने के गति को देखकर लोगों का कहना है कि अभी बीएसएनएल उपभोक्ताओं को इस साल भी फोर जी सेवा का लाभ नहीं उपलब्ध कराएगा। कंपनी के कर्मचारियों का कहना है कि अगस्त तक फोर जी उपकरण लगा दिए जाएंगे।