Moradabad: दोस्त के घर से उड़ाए तीन लाख, पता चला तो उड़े परिजनों के होश, पुलिस ने दर्ज किया केस
गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा में अकबर के घर से उसके दोस्त मोहम्मद सलीम ने तीन लाख रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा में एक व्यक्ति के घर से उसका दोस्त ही तीन लाख 60 हजार रुपये चोरी कर भाग गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गलशहीद के असालतपुरा निवासी अकबर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपने हिस्से की जमीन अपने भाई आकिल को बेची थी।
भाई ने उसे पांच लाख रुपये दे दिए थे। इसमें एक लाख 40 हजार रुपये लेकर नौ अक्तूबर को वह अपने दोस्त मो. सलीम के साथ ई-रिक्शा खरीदने गया था। वह रुपये जमा करने के बाद घर लौट आया था। बाकी रुपये अपने घर में बक्से में रख दिए थे। 11 अक्तूबर की देर रात करीब तीन बजे वह घर में सो रहा था।
इसी दौरान एक चोर घर में घुस आया और बक्से में रखे तीन लाख 60 हजार रुपये लेकर भागने लगा। अकबर जाग गया और उसने शोर मचाया तो उसका भाई भी जाग गया। इसी बीच आरोपी घर के बाहर सड़क पर खड़ी बाइक लेकर भाग गया। अकबर का आरोप है कि भागते समय उसने चोर को देख लिया।
वह उसका दोस्त मोहम्मद सलीम था। उसने सलीम के घर जाकर बात की तो परिवार के लोगों ने रुपये वापस कराने की बात कही, लेकिन रुपये वापस नहीं कराए। गलशहीद थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।
अपहरण कर रंगदारी मांगने वालों पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
युवक का अपहरण कर उसकी आपत्तिजनक फोटो बनाकर रंगदारी मांगने वाले आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई। मझोला थाने में इस गैंग के छह सदस्यों पर केस दर्ज किया गया है। जिसमें एक महिला और युवती को भी आरोपी बनाया गया है। मझोला थाना प्रभारी मोहित चौधरी की ओर से गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इसमें गिरोह के सरगना सिविल लाइंस के नया गांव हरथला निवासी आसिम उर्फ सोनू, उसकी रिश्ते की बहन सानिया, पाकबड़ा के महलकपुर माफी निवासी गयासुद्दीन, हासमपुर चौराहा निवासी अब्दुल रहीम, मझोला के आजादनगर निवासी अंसार और साजिया को आरोपी बनाया गया है।
आरोपियों ने 25 मई को मूंढापांडे के खरकपुर जगतपुर निवासी इस्लाम अली को बहाने से मझोला के आजादनगर तिराहे पर झाड़फूंक कराने के बहाने बुला लिया था। इसके बाद आजादनगर में अंसार के घर पर ले जाकर बंधक बना लिया था। सानिया ने उसके साथ आपत्तिजनक फोटो खींच लिए थे।
इसके बाद फोटो इस्लाम अली के परिवार वालों के पास भेजकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। डीएम से अनुमति मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई है।