UP: प्रेमी ने शादी से किया इनकार... थाने के सामने युवती ने निगला जहर, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, अब होगा विवाह
मझोला थाने के सामने प्रेमी के शादी से इनकार करने पर युवती ने जहर खा लिया। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत में सुधार होने पर दोनों पक्षों की सहमति बनी और युवक शादी के लिए तैयार हो गया।
विस्तार
प्रेमी के शादी से इनकार करने पर मझोला थाने के सामने युवती ने जहर खा लिया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अब दोनों पक्षों के लोग शादी करने को तैयार हैं। युवती के ठीक होने पर दोनों की शादी करा दी जाएगी। मझोला क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती और अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र निवासी युवक एक ही कॉलेज से बीएड कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस दाैरान उनकी फोन पर भी बातचीत होती रही। युवती ने युवक से शादी के लिए कहा तो उसने इन्कार कर दिया। युवती ने इसकी शिकायत मझोला थाने में की थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में बातचीत हुई।
युवक और युवती के परिजन भी आए थे, लेकिन लंबी बातचीत और पंचायत के बाद भी शादी की सहमति नहीं बन पाई। युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर जाने लगे। थाने से निकलते ही युवती ने चूहे को मारने वाला जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह उल्टियां करने लगी।
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची और भर्ती करा दिया। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता का कहना है कि युवती की हालत में सुधार है। दोनों पक्षों के लोग जिला अस्पताल आ गए हैं। युवक और उसके परिजन शादी को तैयार हो गए हैं।
दरवाजे पर पानी डालने के विवाद में महिला को पीटा
कटघर थाना क्षेत्र में दरवाजे पर पानी डालने के विवाद में महिला को पड़ोस में रहने वाले पति पत्नी ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कटघर क्षेत्र के पीतल नगरी कमला विहार निवासी आदेश ने पुलिस को तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे उसकी पत्नी राजबाला का पड़ोसी महिला गीता से दरवाजे पर पानी डालने को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि राजबाला और उसके पति ने मारपीट शुरू कर दी। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी विक्रम और उसकी पत्नी गीता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।