कांवड़ यात्रा: हाईवे पर 11 से नहीं चलेंगे भारी वाहन, मुरादाबाद से दिल्ली-मेरठ जाने के लिए यह रूट किया तय
कांवड़ यात्रा को लेकर मुरादाबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ पुलिस ड्यूटी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि 11 जुलाई शाम छह बजे से दिल्ली हाईवे और कांठ रोड पर भारी वाहनों पर रोक लगेगी।
विस्तार
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही जगह-जगह पुलिस ड्यूटी प्वाइंट भी बनाए जा रहे हैं। 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार होगा, लेकिन हाईवे पर 11 जुलाई की शाम छह बजे से भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।
हरिद्वार और ब्रजघाट से कांवड़िए गंगाजल लेकर रामपुर, शाहजहांपुर, बरेली, बदायूं समेत अन्य जिलों जाते हैं। यह कांवड़िये मुरादाबाद से होकर गुजरते हैं। जिस कारण दिल्ली रोड और कांठ रोड पर कांविड़यों की भी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इस बार भी रूट डायवर्जन तैयार किया है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने कांवड़ मार्गाें का निरीक्षण करने के साथ अधीनस्थ अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा करने के साथ ही यातायात संचालन में कोई दिक्कत न हो। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। सावन का पहला सोमवार 14 जुलाई को है।
दिल्ली और कांठ रोड पर रोडवेज, निजी बस, डंपर, ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन 11 जुलाई की शाम छह बजे से लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा 13 जुलाई की सुबह आठ बजे से कार, पिकअप वाहन समेत हल्के चार पहिया वाहनों का संचालन भी बंद कर दिया जाएगा।
13 की सुबह से छोटे वाहन भी रोके जाएंगे
पहला सोमवार 14 जुलाई
दूसरा सोमवार 21 जुलाई
तीसरा सोमवार 28 जुलाई
चौथा सोमवार 4 अगस्त
रूट डायवर्जन: मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली के लिए
मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त वाहन मुरादाबाद से बिलारी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, सिकंदराबाद होते हुए मेरठ और दिल्ली जाएंगे और इसी मार्ग से वापस आएंगे।
रामपुर से मुरादाबाद के लिए
रामपुर से शाहबाद, बिलारी, होकर अस्थायी बस स्टैंड आजाद नगर पहुंचेंगे। इसी मार्ग से वापस जाएंगे।
कांवड़ यात्रा शांति पूर्ण संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। कांवड़ मार्गाें का निरीक्षण कर लिया गया है। कहां-कहां ड्यूटियां लगाई जाएंगी। उसके प्वाइंट बना लिए गए हैं। पहला सोमवार 14 जुलाई को है लेकिन हाईवे पर भारी वाहनों के लिए 11 जुलाई की शाम छह बजे से और कार पिकअप समेत अन्य हल्के वाहनों के लिए 13 जुलाई की सुबह आठ बजे से रूट डायवर्जन किया जाएगा। - सतपाल अंतिल, एसएसपी
अगवानपुर : 150 स्ट्रीट लाइट से रोशन होगा कांवड़ पथ
मुरादाबाद शहर की तर्ज पर अब अगवानपुर स्थित कांवड़ पथ को सजाने संवारने की तैयारी है। अगवानपुर में कांवड़ मार्ग के किनारे स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। कांवड़ मार्ग रोशन होने से आम लोगों का आवागमन आसान होगा। सावन माह में कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से शुरू होने जा रहीं है। इसके पहले प्रशासनिक अधिकारी कांवड़ मार्ग के गड्ढे पाटने और रोशनी का इंतजाम करने में जुट गए हैं।
नगर पंचायत के चेयरमैन गुलजार खान ने बताया कि अगवानपुर की सीमा में कांवड़ मार्ग पर पहली बार 150 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी। मुरादाबाद की तरह कांवड़ मार्ग रोशनी से खूबसूरत दिखेगा। ओवरब्रिज से कांठ रोड स्थित शेरूवा चौराहे और ओवरब्रिज से अगवानपुर की ओर कांवड़ मार्ग तक सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट के लिए गड्ढों की खोदाई का कार्य तेजी चल रहा है। कांवड़ यात्रा से पहले स्ट्रीट लाइट लगा दी जाएगी।