Income Tax Raid: टीमों ने सीएल गुप्ता ग्रुप के करोड़ों के लेनदेन का ब्योरा जुटाया, एआई तकनीक से पकड़ी गड़बड़ी
मुरादाबाद में आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान सीएल गुप्ता ग्रुप के कंप्यूटर और लैपटॉप के हार्ड डिस्क को अपने कब्जे लिया है। बताया जा रहा है कि टीम ने करोड़ों रुपये के लेनदेन का ब्योरा भी जुटाया है। इसके अलावा शुभम नर्सिंग होम से भी डाटा एकत्र किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद के सीएल गुप्ता ग्रुप के ठिकानों पर छापा मारने के लिए आई आयकर की 12 टीमों ने कंप्यूटर और लैपटॉप के हार्ड डिस्क को कब्जे में ले लिया है। आयकर टीमों ने सैकड़ों करोड़ रुपये का ब्योरा जुटाया है। इसके साथ ही व्यवसायी परिवार के जेवरात सहित अन्य सामान की सूची टीम में शामिल अधिकारी तैयार कर रहे हैं।
आयकर विभाग की टीमों ने दिल्ली, कानपुर और लखनऊ के अधिकारी शामिल हैं। आयकर अधिकारियों ने व्यवसायी परिवार के सदस्यों के मोबाइल को बंद करा दिया है। फैक्टरी और अन्य संस्थानों के अधिकारियों के नंबर बंद बताए जा रहे हैं।
फैक्टरियों का आय व्यय जानने के लिए कंप्यूटर के हार्ड डिस्क को कब्जे में लिया है। स्कूल और अस्पताल के भी आंकड़े आयकर अधिकारी इकट्ठे कर रहे हैं। छापा की जानकारी मिलने पर अन्य निर्यातक भयभीत हो गए हैं।
शुभम नर्सिंग होम पर भी पड़ा छापा
सीएल गुप्ता के करीबी कांठ रोड स्थित शुभम नर्सिंग होम के संचालक के आवास पर भी आयकर विभाग ने सुबह छापा मारा। मरीजों के भर्ती होने के कारण यहां ज्यादा बंदिश नहीं लगाई गईं, लेकिन आवास में आने जाने की इजाजत नहीं है। परिवार के लोगों काे मोबाइल बंद रखने के लिए कहा गया है।
यहां भी सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। पता चला कि सीएल गुप्ता की फैक्टरी में केमिकल की सप्लाई नर्सिंग होम के संचालक का परिवार करता है। यहां भी आयकर की टीमें आय व्यय का डाटा जुटाने में लगी है।
एआई तकनीक से पकड़ी गई गड़बड़ी
आयकर अधिकारियों ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) तकनीक की मदद से सीएल गुप्ता ग्रुप की गड़बड़ी पकड़ी है। पता चला कि दिल्ली में ग्रुप की संपत्तियों को खंगालने के बाद मुरादाबाद में छापा मारने का निर्णय लिया गया है। एआई तकनीक से आयकर अधिकारियों ने सीएल गुप्ता के पांच वर्ष की आयकर विवरणी को खंगाल कर गड़बड़ी निकाली है।
इसी आधार पर आयकर अधिकारियों ने कार्रवाई करने का निर्णय लिया। पूरा विवरण इकट्ठा होने पर ही आयकर विभाग टैक्स और जुर्माना का खुलासा करेगा। आयकर विभाग ने ट्रस्टों का ब्योरा भी मांगा है। कितना धन ट्रस्ट में खर्च किया गया। आयकर के समक्ष सरेंडर करने पर जुर्माने के बाद रकम नंबर में हो जाएगी। व्यवसायी और आयकर के अधिकारी सरेंडर के मुद्दे पर भी चर्चा कर रहे हैं।
दिल्ली और हरियाणा की गाड़ियों से आए
आयकर विभाग के अधिकारी दिल्ली और हरियाणा के नंबर वाली गाड़ियों से आए हैं। सभी कारें किराए की बताई जा रही हैं। एक चालक ने बताया कि वह ट्रेवेल्स एजेंसी के संचालक के कहने पर आया है।
टीम में हैं करीब 50 लोग
टीम ने डेल मार्क इंटरनेशनल कंपनी पर भी छापा मारा। कंपनी में चीनी मिट्टी से बने उत्पाद तैयार किए जाते हैं। कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक के मोबाइल कब्जे में ले लिए। वहीं, 30 अधिकारियों की टीम सीएल गुप्ता एक्सपोर्ट्स फैक्टरी तो 20 डेल मार्क इंटरनेशनल कंपनी में जांच करने में लगी है। देर शाम तक टीमें दोनों कंपनियों में मौजूद थीं।