मुरादाबाद। शनिवार को जिले के छह ब्लॉक क्षेत्र में हुए दो ग्राम प्रधान, एक बीडीसी और 74 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के उपचुनाव की मतगणना आज होगी। संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना होगी। उम्मीद है कि एक बजे तक सभी परिणाम आ जाएंगे।
भगतपुर टांडा में सबसे ज्यादा एक ग्राम प्रधान, एक बीडीसी और 36 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए उपचुनाव हुआ था। इसलिए इस ब्लॉक में ही सबसे ज्यादा पांच टेबिल पर मतगणना होगी। प्रत्येक टेबिल पर चार कर्मी रहेंगे। इस तरह यहां कुल 20 कर्मियों को इस कार्य में लगाया गया है। मुरादाबाद ब्लॉक में एक ग्राम प्रधान और सात ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव हुआ था। मुरादाबाद ब्लॉक में दो टेबिल पर मतगणना होगी। यहां पर आठ कर्मचारियों को लगाया गया है। मूंढापांडे में एक, छजलैट में दो, बिलारी में एक और डिलारी में तीन टेबिल पर मतगणना का कार्य चलेगा। प्रत्येक टेबिल पर एक-एक कर्मचारी रहेगा। रविवार को संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने अपने अपने ब्लॉक कार्यालय में मतगणना संबंधी व्यवस्था की। अधिकारियों का कहना है कि मतगणना में ज्यादा समय नहीं लगेगा। मतगणना का 12 से एक बजे तक पूरा होने की उम्मीद है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम फाइनेंस प्रीति जायसवाल ने बताया कि मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गईं हैं। मतगणना कार्य में लगे सभी कर्मियों को ड्यूटी भेज दी गई है। कुल 14 टीमें मतगणना कार्य करेंगी, जबकि 14 को रिजर्व में भी रखा गया है। मतगणना कार्य सुबह आठ बजे से शुरू होगा।