Moradabad: दहेज उत्पीड़न में दरोगा समेत सात पर केस, ससुरालियों ने धमकाया...बीस लाख और स्कार्पियो की मांग
मुरादाबाद की महिला थाने में दहेज उत्पीड़न के मामले में दरोगा समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवाहिता ने ससुरालियों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। कहा कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज में बीस लाख और स्कार्पियो की मांग करने लगे।
विस्तार
महिला थाने में दहेज उत्पीड़न के मामले में गोरखपुर में तैनात दरोगा समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने ये कार्रवाई सिविल लाइंस के आशियाना निवासी निशा उज्जैनवाला की तहरीर पर की है।
पीड़िता ने बताया कि 15 मार्च 2023 को रामपुर जनपद के शाहबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला हाथीमान रामलीला मैदान निवासी विक्रम चौधरी से उसकी शादी हुई थी। विक्रम अमरोहा में मेडिकल कॉलेज में एमआरआई टेक्नीशियन के पद पर तैनात है।
पीड़िता का आरोप है कि शादी में मिले दहेज से पति और ससुरालवाले नाखुश हैं। शादी के बाद से ही बीस लाख रुपये और स्कार्पियो गाड़ी की मांग करने कर रहे हैं। निशा ने बताया कि गोरखपुर में तैनात ममेरे ससुर मुकेश कुमार ने भी ससुराल आकर धमकाया।
कहा कि दहेज की मांग पूरी न होने पर तेरे भाई को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा दूंगा और उसकी हत्या करा दूंगा। पीड़िता का आरोप है कि 18 दिसंबर 2023 को पति, सास-ससुर, ननद समेत अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर मारने का प्रयास किया।
इस मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने ममेरे ससुर मुकेश कुमार के दबाव में कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत एसएसपी से की।
सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर उसके पति विक्रम चौधरी, ससुर सतीश चौधरी, सास रानी चौधरी, देवर विवेक चौधरी, ननद शिवानी चौधरी, ममेरे ससुर मुकेश कुमार, मौसेरे ससुर राजन बड़गुर्जर के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न, गर्भपात कराने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।