मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के सम्राट अशोक नगर में शुक्रवार रात शादी समारोह में दुल्हन का बैग चोरी कर लिया गया। इसकी जानकारी होते ही समारोह में मौजूद मेहमानों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और बैग की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। दुल्हन के पिता की ओर से मझोला थाने में तहरीर दी गई। बैग में दस हजार की नकदी, लिफाफे और करीब दो लाख रुपये के जेवर बताए गए हैं।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आकाश ग्रीन में रहने वाले विनोद सक्सेना की बेटी मुस्कान की शादी सम्राट अशोक नगर निवासी राकेश कुमार के साथ दो दिसंबर को हुई थी। शुक्रवार रात सम्राट अशोक नगर स्थित खाली मैदान में टेंट लगाकर रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जा रहा था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे कुछ मेहमान खाना खा रहे थे, जबकि कुछ महिलाएं और बच्चे डीजे पर डांस कर रहे थे। विनोद सक्सेना ने बताया कि इसी दौरान महिलाएं दुल्हन को डीजे पर डांस करने ले गईं। दुल्हन मुस्कान ने अपना बैग किसी को पकड़ने के लिए थमा दिया। डांस करने के बाद दुल्हन बैग लेने आई। तब उसे बैग नहीं मिला। इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। विनोद सक्सेना ने बताया कि बैग में दो लाख रुपये के जेवर, दस हजार रुपये की नकदी और कुछ लिफाफे थे। उप निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिस पर संदेह जताया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।