भाजपा जिलाध्यक्ष: मुरादाबाद का प्रभार आकाश पाल व अमरोहा की जिम्मेदारी उदय गिरी को, रामपुर व संभल भी बदले गए
लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में भाजपा अपने जिलाध्यक्षों को बदलने की तैयारी कर रही थी। लंबी जोड़तोड़ के बाद नई सूची जारी कर दी गई है। रामपुर और संभल समेत मुरादाबाद के जिलाध्यक्षों को बदल दिया गया है।
विस्तार
भाजपा ने मुरादाबाद मंडल के सभी जिलाध्यक्षों को बदल दिया है। मुरादाबाद महानगर की जिम्मेदारी संजय शर्मा और जिले का प्रभार आकाश पाल को दी गई है। इसके अलावा रामपुर में हंसराज पप्पू और अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। संभल में हरेंद्र सिंह रिंकू को नई जिम्मेदारी दी है।
लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में भाजपा अपने जिलाध्यक्षों को बदलने की तैयारी कर रही थी। लंबी जोड़तोड़ के बाद नई सूची जारी कर दी गई है। पहले जिलाध्यक्षों की घोषणा के लिए 15 जुलाई तक का समय बताया गया था। घोषणा में देरी का कारण जातिगत गुणा गणित माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि अध्यक्षों के नाम तय करते समय ऐसा जातीय संतुलन बनाया जाए जो लोकसभा चुनाव में सभी वर्गों को साधा जा सके।
मेरठ में भाजपा ने पूर्व में जिलाध्यक्ष रहे शिवकुमार राणा को दोबारा से जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। वहीं, महानगर में पूर्व अध्यक्ष रहे सुरेश जैन ऋतुराज को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है।जातीय समीकरणों को साधते हुए भाजपा ने जहां जिलाध्यक्ष पद पर ठाकुर समाज को प्रतिनिधित्व दिया है ।
महानगर में जैन समाज को साधने का काम किया गया है। पश्चिमी यूपी के 19 जिलों में भाजपा ने जातीय समीकरणों का ध्यान रखा है। गुर्जर, जाट, त्यागी, ब्राह्मण, वैश्य समाज और अति पिछड़ा समाज के लोगों को दायित्व दिए गए हैं। कई जगह पूर्व में अध्यक्ष रहे नेताओं को ही फिर से जिम्मेदारी दी गई है।
पश्चिम के जिलों के अध्यक्ष की सूची
भाजपा ने पश्चिम के 19 जिलाध्यक्ष-महानगर अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। इनमें बिजनौर में भूपेंद्र चौहान, सहारानपुर महानगर में पुनीत त्यागी, सहारनपुर जनपद में महेंद्र सैनी, मुजफ्फरनगर में सुधीर सैनी, बागपत में वेदपाल उपाध्याय, शामली में तेजेंद्र निर्वाल, गाजियाबाद महानगर में संजीव शर्मा, गाजियाबाद जनपद में सतपाल प्रधान, नोएडा महानगर में मनोज गुप्ता, गौतमबुधनगर जनपद में गजेंद्र मावी, बुलंदशहर में विकास चौहान, संभल में हरेंद्र सिंह और हापुड़ जनपद में नरेश तोमर को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।