{"_id":"5fbf6b268ebc3e9baf5cf5e8","slug":"bag-full-of-jewelleries-theft-by-thief-during-wedding-function-in-rampur","type":"story","status":"publish","title_hn":"रामपुर: दुल्हन की मां को साड़ी में दाग के बहाने उलझाया, सात लाख के जेवरात से भरा बैग उड़ा ले गया चोर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर: दुल्हन की मां को साड़ी में दाग के बहाने उलझाया, सात लाख के जेवरात से भरा बैग उड़ा ले गया चोर
Thu, 26 Nov 2020 02:15 PM IST
प्राची प्रियम
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
Published by: प्राची प्रियम
Updated Thu, 26 Nov 2020 02:15 PM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
रामपुर नगर के एक होटल में शादी समारोह के दौरान बदमाश ने दुल्हन की मां को साड़ी में दाग लगे होने की बात कहकर भ्रमित कर दिया। महिला के बाथरूम जाते ही वह जेवरात से भरा बैग लेकर भाग गया। बैग में दुल्हन के जेवर थे, जिनकी कीमत सात लाख रुपये बताई गई है।
विज्ञापन
उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंह नगर की जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार के पति सुरेश गंगवार के रिश्तेदार भगवानदास गंगवार सितारगंज जिला ऊधमसिंह नगर के गांव बरा में रहते हैं। मंगलवार रात उनकी बेटी हर्षिता की शादी थी।
विज्ञापन
समारोह का आयोजन रामपुर रोड स्थित अमरदीप होटल में था। बरात रामपुर से आई थी। भगवानदास के पुत्र शुभम गंगवार के मुताबिक, रात करीब तीन बजे उनकी मां चंद्ररेखा देवी होटल के एक कमरे में कुछ महिलाओं के साथ थीं। उनके पास दो बैग थे।
विज्ञापन
एक में दुल्हन के करीब सात लाख रुपये के जेवर थे। दूसरे बैग में अन्य सामान था। होटल के कमरे में पहुंचे एक युवक ने चंद्ररेखा से कहा कि उनकी साड़ी पर सब्जी लगी है। वह दोनों बैग कमरे में बेड पर रखकर बाथरूम में साड़ी पर लगे दाग धोने चली गईं।
शीशे में देखने पर पता चला कि दाग थे ही नहीं। इसी बीच कुछ देर के लिए होटल की बिजली गुल हो गई। मां चंद्ररेखा बाथरूम से लौटकर आईं तो बेड से जेवर का बैग गायब मिला। उनके शोर मचाने पर दूल्हा, दुल्हन पक्ष के तमाम लोग एकत्रित हो गए।
डायल 112 पर रिंग करके पुलिस बुलाई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक कराई तो युवक कमरे से निकलकर जाता नजर आया। शुभम ने अज्ञात युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। कैमरे में रिकॉर्ड हुए युवक की भी तलाश की जा रही है।