मुरादाबाद। मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा मार्ग पर फरीदपुर हाजी गांव के सामने तड़के साढ़े चार बजे एक पिकअप और टेंपो की आमने सामने की जोरदार भिड़ंत में टेंपो चालक समेत इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। साथ ही दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी डिलारी और शवों को मोर्चरी भिजवा दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बुधवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से काशीपुर के महुखेड़ा गंज टायर फैक्टरी जाने के लिए एक टेंपो में लोग सवार होकर चले थे। दरअसल ये सभी उस फैक्टरी में काम करते थे और ट्रेन से मुरादाबाद पहुंचे थे। जैसे ही उनका टेेंपो थाना क्षेत्र के फरीदपुर हाजी गांव के सामने पहुंचा तो अचानक सामने से आए पिकअप के साथ सीधी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही पिकअप चालक छोड़ कर फरार हो गया। इस दुर्घटना में चालक ओमवीर सिंह उम्र लगभग (36) निवासी गोविंदनगर थाना कटघर मुरादाबाद , दुर्गेश (25) व राजेश कुमार (20) निवासी ग्राम नडैमा तहसील शोहतगढ़ जिला सिद्धार्थनगर एवं नाजिम (24) निवासी गोदवाला कोतवाली ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद की मौत हो गई। बलराम सिंह श्रीवास्तव निवासी व थाना एवं तहसील बानमोर जिला मुरैना मध्यप्रदेश, घनश्याम ग्राम व थाना, तहसील शोहतगढ़ जिला सिद्धार्थनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिलारी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल घनश्याम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर सभी शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।