Moradabad: सीओ और थाना प्रभारी की गाड़ी में मारी टक्कर, रोका तो भाग निकले, आरोपी नशे की हालत में गिरफ्तार
मुरादाबाद में पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश करने और थाना प्रभारी की गाड़ी में टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे की हालत में थे। इनमें से तीन युवक पहले हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं।
विस्तार
मुरादाबाद में पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश करने और थाना प्रभारी की गाड़ी में टक्कर मारने वाले कार सवार चार आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीली कोठी चौराहे के पास बुधवार की रात करीब 12 बजे कार सवार चार युवकों ने नशे की हालत में एक बाइक में टक्कर मार दी।
दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह चौक के पास कार ने पहले पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश की फिर थाना प्रभारी की गाड़ी में टक्कर मार दी। शुक्रवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इनमें बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के भगवानपुर रैनी निवासी अभय विश्नोई, दीप विश्नोई, बिलारी के नंगला कमाल आजम निवासी मधुर चौधरी और संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के सैदपुर जसकोली निवासी जतिन चौधरी शामिल हैं। अभय, दीप और मधुर हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं। चौथा आरोपी जतिन चौधरी इनका साथी है।
सिविल लाइंस थाने में भी दर्ज की प्राथमिकी
मझोला थाना क्षेत्र में पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश के मामले में जेल भेजे गए आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर निवासी श्याम प्रकाश की तहरीर पर की गई है।
जिसमें उन्होंने बताया कि 24 जून की रात 11.35 बजे दीन दयाल नगर में मेरी कार में पीछे से दूसरी कार में सवार लोगों ने तीन बार टक्कर मारी। धमकी देकर चले गए। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
यह था मामला
पीलीकोठी चौराहे के पास बुधवार की रात करीब 12 बजे सीओ कटघर गौरव तिवारी की गाड़ी में कार सवारों ने टक्कर मार दी। कार सवार युवक नशे की हालत थे। सीओ और उनके हमराहों ने कार रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने कार दौड़ा दी। सीओ ने कंट्रोल रूम में सूचना दे दी।
इसके बाद कार सवार युवक कांठ रोड से सोनकपुर पुल की ओर भाग गए। सूचना मिलने पर अलर्ट हुई मझोला थाने की पुलिस ने चौधरी चरण सिंह चौक के पास घेराबंदी कर कार रुकवा ली। इस दौरान मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार की गाड़ी में भी कार सवारों ने टक्कर मार दी। हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनका मेडिकल कराया गया।