Azam Khan: ऑपरेशन डी से खुले जौहर ट्रस्ट के सभी राज, जवाब देने में छूटे थे पसीने; 450 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप
आजम खां और जौहर यूनिवर्सिटी में आयकर विभाग के ऑपरेशन डी के तहत कार्रवाई हुई है। जौहर विवि में 450 करोड़ की गड़बड़ी की बात सामने आ रही है। ऑपरेशन डी से जौहर ट्रस्ट में लेनदेन के राज खुले हैं।
विस्तार
सपा नेता आजम खां व चमरौवा के विधायक नसीर अहमद खां के यहां 13 सितंबर से शुरू हुई छापेमारी 15 सितंबर तक जारी रही थी। आयकर विभाग की दस से ज्यादा टीमों में लगे सौ से ज्यादा सुरक्षा व आयकर कर्मियों की गाड़ियों पर डी लिखा हुआ था, जिस पर माना जा रहा था कि आयकर विभाग के ऑपरेशन डी के तहत यह कार्रवाई की थी।
आयकर विभाग की टीम 13 सितंबर की सुबह ही रामपुर पहुंच गई थी। आयकर विभाग की टीम दस टीमों में करीब सौ से ज्यादा कर्मचारी शामिल रहे थे। सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी भी लगाए गए थे। इस दौरान आयकर विभाग की प्रत्येक गाड़ी पर डी लिखा हुआ था। टीमों ने इस दौरान सपा नेता आजम खां के साथ ही उनके करीबी रहे चमरौवा के विधायक नसीर अहमद खां के घर भी छापेमारी की थी। जौहर यूनिवर्सिटी में चंदा लेने के मामले की जांच के दौरान टीमों ने तमाम दस्तावेज बरामद किए थे। गाड़ियों पर लिखे डी शब्द से यह माना जा रहा था कि आयकर विभाग का अपना कोड वर्ड है। इसी कोड के जरिए सपा नेता की जौहर यूनिवर्सिटी में लेनेदेन के राज खोले गए हैं।
आयकर अफसरों के सवालों का जवाब दे पाने में छूटे थे पसीने
रामपुर। आयकर विभाग की रामपुर में करीब साठ घंटे तक जांच चली। इस दौरान आयकर विभाग की टीम ने सपा नेता आजम खां और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की थी। इसके साथ ही चमरौवा विधायक नसीर अहमद के यहां भी पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान आयकर विभाग के अफसरों ने सवालों की फेहरिस्त रख दी थी,लेकिन इन सवालों के आगे सपा नेता जवाब तक नहीं दे पाए थे।
बेटे के दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में सीतापुर जेल में हैं आजम
सपा नेता आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम खां के दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में सात साल की सजा काट रहे हैं। वह इस वक्त सीतापुर जेल में अपनी सजा काट रहे हैं। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की शिकायत पर अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाण पत्र का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में सपा नेता आजम खां के साथ ही उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खां व पत्नी डा.तजीन फात्मा को एमपीएमएलए कोर्ट की ओर से 18 अक्तूबर को सात साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। आजम इस वक्त सीतापुर जेल में हैं, जबकि उनकी पत्नी तजीन फात्मा रामपुर जेल में हैं और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम हरदोई जेल में हैं।
सजा के बाद 39 मामलों में जमानत तुड़वाने को दे चुके हैं प्रार्थनापत्र
रामपुर। अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में सात साल की सजा काट रहे सपा नेता आजम खां सीतापुर जेल में बंद हैं। सजा होने के बाद वह अपने व अपनी पत्नी डा.तजीन फात्मा व बेटे अब्दुल्ला आजम खां के खिलाफ दर्ज मामलों में से 39 मामलों में जमानत तुड़वाने के लिए प्रार्थनापत्र दे चुके हैं। एक दफा उन्होंने 14 मामलों में जमानत तुड़वाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था,जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था। इसके बाद 25 मामलों में और प्रार्थनापत्र दिया था, जिसमें करीब आठ मामलों में जमानत टूट चुकी है। शेष मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं।
जौहर विवि में हिसाब किताब लगाने पहुंचे थे इंजीनियर्स
जौहर विश्वविद्यालय में लगी धनराशि का हिसाब किताब लगाने के लिए इंजीनियरों की टीम पहुंची थी। इंजीनियरों की टीम ने यहां पहुंचकर यहां बनी बिल्डिंगों का आकलन किया था। इसके अलावा साफ्टवेयर इंजीनियरों की टीम भी यहां पहुंची थी। इस टीम ने भी काफी हद तक आकलन किया था।
जिला पंचायत और लोनिवि से भी लिया था रिकार्ड
रामपुर। आयकर विभाग की टीम ने जिला पंचायत और लोक निर्माण के दफ्तरों में पहुंचकर सपा शासन में कराए गए कार्यों का रिकार्ड खंगाला था। टीम ने यहां पर यूनिवर्सिटी में कराए गए कार्यों की जांच पड़ताल की थी।