चंदौसी। संभल-चंदौसी में 19, 20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध स्वरूप निकाले गए जुलूसों में किए गए उपद्रव के दौरान कुल 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अभी तक किसी की भी जमानत नहीं हो सकी है, हालांकि इसमें अब 25 आरोपियों की जमानत अर्जी न्यायालय में दाखिल की गई है। संभल के दो आरोपियों की जमानत पर आज सुनवाई होनी थी लेकिन अभिलेख पूरे नहीं होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब सुनवाई के लिए 13 जनवरी की तिथि तय की गई है।
सीएए के विरोध स्वरूप संभल में 19 दिसंबर से ही जुलूस व उपद्रव का सिलसिला शुरू हो गया। 20 दिसंबर को संभल के साथ-साथ चंदौसी में आगजनी, पथराव, फायरिंग, तोड़फोड़ आदि के साथ उपद्रव हुआ। इसमें पुलिस ने संभल में 42 व चंदौसी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह सभी आरोपी जेल में निरुद्ध हैं। अधिवक्ता इश्तेकार पाशा ने बताया कि अब तक इनमें से 25 आरोपियों की जमानत अर्जी न्यायालय में दाखिल की जा चुकी है। जिन पर सुनवाई की अलग-अलग तिथियां तय हैं। मंगलवार को संभल के एहतेशाम व अरशद की जमानत पर सुनवाई के लिए तिथि तय थी लेकिन मेडिकल आदि अभिलेख पूरे नहीं होने के कारण आज सुनवाई पूरी नहीं हो सकी है। अब जिला सत्र न्यायालय ने इन दोनों की जमानत पर सुनवाई के लिए 13 जनवरी की तिथि तय की है।