उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में गुरुवार को पासिंग आउट परेड के बाद 606 दारोगा शामिल हो गए। इनमें 75 महिला दारोगा भी हैं। दीक्षांत समारोह के लिए पीटीसी मैदान को सजाया गया था। कार्यक्रम में डीजी ट्रेनिंग गोपाल गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
पीटीसी में 28 सितंबर 2017 बैच के सब इंस्पेक्टरों को प्रशिक्षण दिया गया। पीटीसी के लिए 639 प्रशिक्षु उप निरीक्षक आवंटित किए गए थे। जिसमें दस प्रशिक्षु उप निरीक्षक ट्रेनिंग करने नहीं आए। 629 सब इंस्पेक्टरों की ट्रेनिंग शुरू की गई।
एक साल तक चली ट्रेनिंग में ट्रेनी सब इंस्पेक्टरों ने आउट डोर, इंडोर की बारिकियां सीखीं। विवेचना करना, क्राइम कंट्रोल, भीड़ पर काबू करना, अपराधियों से मोर्चा लेना, साइबर अपराध, फोरेंसिक जांच समेत केस की जांच के तौर तरीके सीखे।
आउटडोर, इंडोर और लिखित परीक्षा में 606 प्रशिक्षु उप निरीक्षक पास हुए। इसमें 75 महिला उप निरीक्षक हैं। आउट डोर और इंडोर में सर्वाधिक अंक प्रियंका सिंह ने प्राप्त किए हैं। वह सर्वोत्तम सर्वांग चुनी गई हैं।
गुरुवार सुबह दीक्षांत परेड समारोह पीटीसी ग्राउंड पर हुआ। जिसमें डीजी ट्रेनिंग गोपाल गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।