मिर्जापुर: ट्रैक्टर से कुचलकर बेजुबान की मौत पर भारी हंगामा, कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं ने युवक को पीटा
मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से कुचलकर एक कुतिया की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोक लिया पर चालक भाग गया। ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को जिगना थाने ले आई और समझौता कराया।
विस्तार
मिर्जापुर के असवा गांव के पास ट्रैक्टर से कुचलकर एक कुतिया की मौत हो गई। इससे कुतिया पालक व ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ट्रैक्टर को रोककर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक जाम और हंगामे के बाद पुलिस दोनों पक्षों को जिगना थाने ले आई। यहां पर मृत कुतिया के पिल्लों के लिए दूध का खर्च देने पर समझौता हुआ।
दुगरहा मनिकठा मार्ग पर शुक्रवार की शाम हादसे के बाद कुतिया के पालक ने ग्रामीणों के साथ मिल कर ट्रैक्टर को रोक लिया पर चालक भाग गया। इससे गुस्साए लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। डायल 112 पीआरवी के जवान पहुंचे और समझाने की कोशिश की पर लोग नहीं माने। करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा।
बाद में जिगना थाना प्रभारी विजय कुमार सरोज मौके पर पहुंचे। कुतिया के पालक ने पिल्लों के लिए दूध का खर्च दिलाने की मांग रखी। ट्रैक्टर मालिक पहले तो नहीं माना लेकिन दबाव पड़ने पर उसने दूध का खर्च देने के लिए हामी भर दी। थानाध्यक्ष विजय सरोज ने बताया कि ग्रामीणों ने जाम लगाया था। बाद में समझौता हुआ।
पढ़ेंः पांचवीं बार प्रेमी के साथ फरार दो बच्चों की मां प्रतापगढ़ में मिली, पति पर था हत्या कर शव गायब करने का आरोप
रजिस्ट्री कार्यालय में महिलाओं ने युवक को पीटा
मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में शनिवार की दोपहर दो महिलाओं ने हंगामा करते हुए एक युवक को चप्पलों से पीट दिया। मामले में महिलाओं ने युवक पर फर्जी तरीके से जमीन बेचने का आरोप लगाया। वहीं, युवक ने महिलाओं के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
नुआव गांव निवासी विजय लक्ष्मी और कनक लता का आरोप है कि उसकी 38 विस्वा जमीन को गांव निवासी उपेंद्र पांडेय ने महाविद्यालय बनाने के नाम पर लिया था। लेकिन निर्माण नहीं किया। शनिवार को पिता को एग्रीमेंट करने की बात कहकर रजिस्ट्री कार्यालय लाया। रजिस्ट्री कार्यालय में पिता को पता चला कि वह जमीन एग्रीमेंट न करके दूसरे को बेच रहा है।
जानकारी मिलने पर दोनों ने कार्यालय पहुंच कर विरोध जताया। वहीं, पिटाई किए जाने पर उपेंद्र पांडेय ने शहर कोतवाली में दोनों युवतियों के खिलाफ तहरीर दी। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने मारपीट के वायरल हो रहे वीडियो की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। शहर कोतवाल अरविंद ने बताया कि उपेंद्र की तहरीर पर विजय लक्ष्मी और कनकलता पर एनसीआर दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
घर से लापता किशोरी तीन माह बाद अपने बच्चे के साथ मिली
जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव से 26 अक्तूबर को लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी तीन माह बाद मिली तो एक बच्चे की मां बन चुकी है। थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन माह बाद पुलिस ने किशोरी को बरामद किया। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेज कर उसका बयान कराया।
थाना क्षेत्र के एक गांव से 26 अक्तूबर को किशोरी को एक युवक भगा ले गया। किशोरी के पिता ने पांच जनवरी 2022 को जिगना थाने में चार आरोपियों धर्मेंद्र कुमार निवासी निरीया थाना करछना प्रयागराज व सोनू यादव व गजराज यादव निवासी निरीया व मुकेश कुमार निवासी मुराजपुर थाना जिगना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।