UP By-Election: यूपी की इस सीट पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर, कम रहेगा जीत-हार का अंतर
Majhawan Assembly By-Election : मझवां विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर है। परिणाम आना अभी बाकि है, लेकिन इस सीट पर जीत-हार का अंतर कम रहने का अनुमान है। वहीं भाजपा का दावा भी है कि हर वर्ग का समर्थन मिला है। इस बार भी सपा की झोली खाली रहेगी।
विस्तार
मझवां विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली है। बसपा प्रत्याशी सवर्णों का जितना वोट काटेंगे, उतना नुकसान भाजपा को हो सकता है। फिलहाल, जीत-हार का अंतर बेहद कम रहने का अनुमान है। मतदान फीसदी में आई गिरावट ने भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों की धुकधुकी बढ़ाई है।
उपचुनाव के बाद 13 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया। अब प्रत्याशी और उनके समर्थकों की निगाह मतगणना पर टिकी है। 23 नवंबर को मतगणना होगी, फिर वास्तविक नतीजे सामने आएंगे। अभी समीकरणों के हिसाब से जीत-हार के दावे किए जा रहे हैं। भाजपा का कहना है कि सवर्ण, ओबीसी और एससी-एसटी मतदाताओं का साथ मिला है। इस बार भी जीत मिलेगी। मझवां विधानसभा क्षेत्र का इतिहास अनूठा रहा है।
सपा की झोली हमेशा खाली रही है। अब तक हुए चुनावों में सपा को जीत नहीं मिल सकी है। वहीं, सपा का दावा है कि हर वर्ग का समर्थन मिला है। इस बार मझवां का इतिहास बदलेगा। पार्टी प्रत्याशी को बड़ी जीत मिलेगी।
कुछ क्षेत्रों में बराबर की लड़ाई, पड़ी क्षेत्र में भाजपा को बढ़त
कोतवाली देहात 98, पड़री थाने में 72, कछवां में 69, मडिहान में 13, विंध्याचल में आठ और चील्ह थाने में चार मतदान केंद्र हैं। पिछड़ी और एससी-एसटी की अधिकता वाले कोतवाली देहात के ऊपरी इलाके में सपा तो निचले क्षेत्रों में भाजपा का दबदबा देखने को मिला।
सवर्ण बहुल कछवां क्षेत्र में भी सपा और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई दिखाई दी। मतदाताओं का साथ वसपा को भी मिला है। दूसरी तरफ, पड़ी क्षेत्र में भाजपा बढ़त लेते दिखी। मड़िहान, विंध्याचल और चील्ह में भी मतदाताओं की चतुराई ने संघर्ष को त्रिकोणीय बना दिया।