फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mirzapur News ›   The SP is a barrier on the path of development; we will uproot and cast it aside in one stroke: Yogi

सपा विकास के रास्ते का बैरियर, एक झटके में उखाड़कर बाहर कर देंगे : योगी

Fri, 16 Oct 2026 12:25 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Fri, 16 Oct 2026 12:25 AM IST
विज्ञापन
The SP is a barrier on the path of development; we will uproot and cast it aside in one stroke: Yogi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  को स्मृति चिन्ह देते भाजपा जिला अध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, सोशल मीडिय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा को विकास और जनसमस्याओं के समाधान के रास्ते का ‘बैरियर’ बताया। सपा ने मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों, पुलों और घाटों के निर्माण में रोड़े अटकाए। इनका काम ही विकास में बाधा डालना है। ऐसे लोगों को बैरियर ही बने रहने दीजिए, चुनकर मत भेजिए। इनके बैरियर को एक झटके में उखाड़कर बाहर कर देंगे। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को मिर्जापुर में वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में विकास की जगह परिवार और माफिया का बोलबाला था, जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश को इस व्यवस्था से बाहर निकालकर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बदलाव किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा जनप्रतिनिधि चुनने से आधी से अधिक समस्याओं के समाधान का रास्ता खुल जाता है, जबकि गलत प्रतिनिधि चुनने से समाधान के मार्ग में बाधा खड़ी हो जाती है। समाजवादी पार्टी ऐसा ही बैरियर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर और त्रिकोण क्षेत्र के विकास से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिली हैं। प्रतिदिन दो लाख श्रद्धालु दर्शन कर पा रहे हैं। गंगा के पक्के घाट बनने से दुर्घटनाओं की समस्या दूर हुई है। पहले विकास की यही धनराशि गरीबों की जमीनों पर कब्जे के लिए दुरुपयोग की जाती थी। सीएम ने नवरात्र की पंचमी पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए और विकास कार्यों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा भी की।
विज्ञापन


माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले दे रहे उपदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, जो माफिया के सामने गिड़गिड़ाते, घुटने टेकते और नाक रगड़ते थे, वे आज कानून-व्यवस्था पर उपदेश दे रहे हैं। सपा शासन में न सड़क थी, न बिजली, न पानी और न शिक्षा की समुचित व्यवस्था। नवरात्र में दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने के लिए भी श्रद्धालुओं को मशक्कत करनी पड़ती थी। मंदिरों में गंदगी और अव्यवस्था रहती थी। आज सरकार जनता के साथ खड़ी है। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक में शिविर लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


सैफई सिंडिकेट और पीडीए
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा शासन में नौकरियों पर सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। सिंडिकेट जिसे चाहता था, उसी को नौकरी मिलती थी। तत्कालीन आयोग अध्यक्ष अनिल यादव जैसे अयोग्य व्यक्ति को अध्यक्ष बनाया गया, जिसे हाईकोर्ट ने पद से हटाया। नौजवान सड़कों पर आंदोलन करते थे और अखिलेश सरकार उनकी आवाज अनसुनी करती थी। पीडीए पर सीएम ने कहा कि राज्यसभा में सपा का चेहरा खुलकर सामने आ गया। न दलित को टिकट दिया, न पिछड़े को और न ही मुसलमान को। दूसरी ओर भाजपा ने आठ टिकटों में तीन सामान्य वर्ग, तीन पिछड़े वर्ग और दो अनुसूचित जाति को दिए। सभी आठ प्रत्याशी जीते। सपा ने परिवार और धन्ना सेठ को प्राथमिकता दी तो पीडीए की हवा निकल गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खुद को नेहरू परिवार और सपा ने सैफई परिवार तक सीमित रखा। दोनों ने प्रदेश को बेगाना बनाया तो जनता ने भी इन्हें बेगाना बना दिया।
चुनाव के बाद फिर शुरू होगा टैबलेट वितरण
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव संपन्न होने के बाद बड़े कार्यक्रम आयोजित कर स्नातक युवाओं को फिर टैबलेट वितरित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य दो करोड़ युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराना है। अब तक 62 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा और स्ववित्तपोषित संस्थानों के 15 लाख शिक्षकों को परिवार सहित प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर दिया गया है। दुर्घटना की स्थिति में 40 लाख से डेढ़ करोड़ रुपये तक सामाजिक सुरक्षा की गारंटी है।
तीन जिलों में न मेडिकल कॉलेज था, न विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा को प्रदेश में चार बार सरकार चलाने का अवसर मिला, लेकिन विकास उसके एजेंडे में नहीं था। वर्ष 2017 से पहले मिर्जापुर मंडल के तीनों जिलों में न मेडिकल कॉलेज था, न विश्वविद्यालय। अब मिर्जापुर और सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय और भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय प्रारंभ हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आस्था के केंद्र आर्थिक समृद्धि का माध्यम बन रहे हैं। प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या इसके उदाहरण हैं। राम मंदिर का विरोध करने वाले आज अयोध्या पर उपदेश दे रहे हैं।
नंदी बोले- माफिया की जगह उत्पाद से पहचान

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में यूपी की पहचान और परसेप्शन बदले हैं। पहले एक जिला एक माफिया की पहचान थी, अब एक जिला एक उत्पाद से प्रदेश जाना जाता है। परिवारवाद और तुष्टीकरण की जगह चुस्त कानून-व्यवस्था तथा औद्योगिक विकास ने ली है। विकास अब सैफई और रायबरेली तक सीमित नहीं है। प्रत्येक जनपद और गांव विकास की नई कहानी लिख रहा है।

आशीष पटेल बोले- निष्पक्ष भर्ती सरकार की पहचान
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव महत्वपूर्ण है। यह सरकार के कार्यों पर मुहर लगाने का अवसर है। हाल में पुलिस और होमगार्ड भर्ती के परिणाम आए, लेकिन धांधली का कोई सवाल नहीं उठा। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ही सरकार की पहचान है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

सम्मेलन में राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, सांसद डॉ. विनोद बिंद, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज समेत अन्य मौजूद रहे। विधायक चुनार अनुराग सिंह, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिंद, विधायक छानबे रिंकी कोल, विधायक राबर्ट्सगंज भूपेश चौबे, विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुंदर केसरी, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री राम कुमार विश्वकर्मा, डाली अग्रहरि, नितिन विश्वकर्मा के अलावा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंदिर दर्शन व घाटों के निरीक्षण के समय अपर महानिदेशक नवीन अरोड़ा, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पद पर रहते हुए 21वीं बार मुख्यमंत्री ने मां का आशीर्वाद लिया
विंध्याचल। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। इसके बाद उन्होंने विंध्य कॉरिडोर के तहत गंगा घाटों पर बन रहे विंध्य की पौड़ी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ 21 वीं बार मां का आशीर्वाद लेने पहुंचे। उनका हेलिकॉप्टर मोती झील के पास बने हेलिपैड पर सुबह 10:41 पर हेलीकॉप्टर उतरा। जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे कार से चलकर मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन के लिए 10:48 बजे पुरानी वीआईपी मार्ग पहुंचे। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने अंग वस्त्र देकर मुख्यमंत्री का सम्मान व अभिनंदन किया। वे मंदिर के पश्चिम तरफ बने सेफ हाउस में पहुंचे। वीआईपी गेट मार्ग से भगवान श्री गणेश जी का दर्शन पूजन अर्चन कर मां के गर्भ गृह में पहुंच कर मंत्र उच्चारण के साथ दर्शन पूजन अर्चन किया। उसके बाद वह विंध्य काॅरिडोर प्रोजेक्ट का निरीक्षण करते हुए एंट्रेंस प्लाजा पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चों को चॉकलेट देकर दुलार किया। मंदिर प्रांगण से बाहर निकाल कर कचौड़ी गली, पक्का घाट व गेट नंबर 4 होते हुए पक्का घाट पहुंचे। वहां पर उन्होंने विंध्य काॅरिडोर प्रोजेक्ट के अंतर्गत विंध्य की पौड़ी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण करने के बाद सुबह 11:09 बजे काली खोह मोड़ पर जनसभा के लिए प्रस्थान किया। मुख्यमंत्री को दर्शन पूजन तीर्थ पुरोहित पशुपतिनाथ मिश्रा व धीरज मिश्रा ने कराया। इस दौरान नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा, कैबिनेट मंत्री व प्रभारी नंद गोपाल नंदी, कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, एमएलसी विनीत सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा कौशिक सहित कई अन्य भाजपा पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed