संबंध न बनाने पर थानाध्यक्ष ने महिला के भाइयों को चोरी में भिजवाया जेल, एसपी ने एएसपी नक्सल को सौंपी जांच
मिर्जापुर जिले की एक महिला ने एक थानाध्यक्ष पर संबंध न बनाने पर उसके दो भाइयों को उन्हीं की बाइक चोरी में चालान करने का आरोप लगाया है। महिला ने सीओ लालगंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी संजय कुमार ने मामले की जांच एएसपी नक्सल को सौंप दी है।
महिला ने बताया कि वह प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। वह रक्षाबंधन पर अपने मायके आई थी। वहां उसके भाइयों से शीशम का पेड़ काटने को लेकर मामूली विवाद हो गया था। मामले में तीन अगस्त को पुलिस उसके छह भाइयों को थाने ले आई थी। पुलिस ने छह अगस्त को उसके चार भाइयों को छोड़ दिया लेकिन दो भाइयों को बैठाए रखा। कहा कि सुबह छोड़ देंगे।
सुबह थाने पहुंची तो थानाध्यक्ष ने कहा कि थोड़ी देर में छोड़ देंगे। इसके बाद वह कहीं चले गए, रात 10 बजे आए। महिला ने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने भाइयों को छोड़ने के नाम पर उससे संबंध बनाने के लिए कहा। जब महिला ने बात नहीं मानी तो दोनों भाइयों को उनकी ही बाइक की चोरी में जेल भेज दिया। महिला ने सीओ लालगंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच की मांग की।
मामला संज्ञान में आया है। थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगा है। मामले की जांच एएसपी नक्सल को सौंपी गई है। तीन दिन में मामले की जांच कर आख्या मांगी गई है। जांच में थानाध्यक्ष पर दोष सिद्ध होता है तो कार्रवाई की जाएगी। - संजय कुमार, प्रभारी एसपी मिर्जापुर।