मिर्जापुर। आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन के निर्देश पर आठ से 21 मार्च तक जिल में महिला फुटबाल डे का आयोजन किया जाएगा। इसमें 10 से लेकर 16 वर्ष जुनियर और सीनियर फुटबाल खिलाड़ियों को मेला लगेगा। फुटबाल डे पर आयोजित मेले में चयनित खिलाड़ियों से टीम तैयार कर प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। जिला फुटाबल संघ के महासचिव मो. आरिफ नजमी ने बताया कि फीफा, एशिया फुटबाल संघ व आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन के निर्देशानुसार जिले में आठ से 21 मार्च तक एएफसी महिला फुटबाल दिवस मनाया जाएगा। इसमें पूरे जिले से लगभग 250 बालिका व महिला खिलाडिय़ों को बुलाया जाएगा। इसमें 10 से 12 वर्ष, 12 से 14 वर्ष, 14 से 16 वर्ष और सीनियर वर्ग की टीम चुनी जाएगी। इन वर्ग के खिलाड़ियों की टीम बनाकर प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों को नि:शुल्क पंजीकरण कराना होगा। इस अवसर पर बालिकाओं के अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा। जिससे वे फुटबाल के प्रति आकर्षित हो सके और महिला फुटबाल को बढ़ावा मिले। इस प्रकार के आयोजनों से ही भारत के लिए खेलने वाले खिलाड़ी निकलेंगे। जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष अमरदीप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. नीरज त्रिपाठी, संयुक्त सचिव मो. तुफैल, कोच मो. एजाज ने आयोजन को खिलाड़ियों के लिए मौका बताया।