फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mirzapur News ›   Sharadiya Navratri Vindhyachal fair begins with chants hailing Goddess in mirzapur

शारदीय नवरात्र: माता के जयकारे से गूंजा विंध्यधाम, आधी-अधूरी तैयारियों के बीच मेला शुरू; भक्तों में उल्लास

Sun, 11 Oct 2026 04:47 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर।
अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 11 Oct 2026 04:47 AM IST
सार

मां विंध्यवासिनी का भव्य श्रृंगार देख निहाल श्रद्धालु हुए। मंदिरों की अलौकिक सजावट ने लोगों का मन मोह लिया। शनिवार की आधी रात के बाद ही भक्तों की कतार लग गई। 

विज्ञापन
Sharadiya Navratri Vindhyachal fair begins with chants hailing Goddess in mirzapur
सजावट से जगमग मंदिर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

घंटे-घड़ियाल की गूंज, माता के जयकारों और भक्तों की कतारों के बीच शनिवार मध्यरात्रि के बाद विंध्यधाम में शारदीय नवरात्र मेला शुरू हो गया। मां विंध्यवासिनी के दरबार से लेकर अष्टभुजा पहाड़ी तक भक्ति का उल्लास छा गया। मंदिरों की आकर्षक सजावट और मां के भव्य शृंगार ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। हालांकि, प्रशासन की तैयारियां पूरी होने के दावों के बावजूद कुछ व्यवस्थाएं अधूरी नजर आईं।

विज्ञापन


शाम ढलते ही विंध्याचल की गलियों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने लगी थी। मध्यरात्रि से पहले ही मंदिर जाने वाले मार्गों पर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। गुड़हल और कमल के फूलों के साथ रत्नजड़ित आभूषणों से सजी मां विंध्यवासिनी की मनोहारी झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।
विज्ञापन


मां विंध्यवासिनी मंदिर के साथ अष्टभुजा पहाड़ी पर स्थित मां काली और मां अष्टभुजी के मंदिरों को भी फूलों और पत्तियों से सजाया गया है। मंदिरों की सजावट अलौकिक छटा बिखेर रही है। अष्टभुजा पहाड़ी पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की गई है, जबकि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं पूरी करने का दावा किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

भगवा रंग में सजा मां विंध्यवासिनी धाम, फूलों से महका कॉरिडोर
मां विंध्यवासिनी धाम भगवा रंग में सजकर शारदीय नवरात्र के स्वागत के लिए तैयार हो गया है। शनिवार मध्यरात्रि के बाद मेला शुरू होने से पहले धाम में दर्शन-पूजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। मंदिर के प्रवेश मार्गों से लेकर विंध्य कॉरिडोर के परिक्रमा पथ तक आकर्षक सजावट की गई है। श्रद्धालुओं को तेज धूप से बचाने के लिए जगह-जगह छांव का प्रबंध किया गया है।

सदर बाजार मार्ग स्थित एंट्रेंस प्लाजा का आंगन भगवामय हो गया है। विंध्य कॉरिडोर के परिक्रमा पथ के खंभों को फूल-पत्तियों की आकर्षक आकृतियों से सजाया गया है। मां विंध्यवासिनी मंदिर के गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर फूलों और पत्तियों से सजे तोरणद्वार श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। दर्शन-पूजन के बाद बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं को धूप से राहत देने के लिए मंदिर के आंगन में भी छाए की भी व्यवस्था की गई है।

व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर
मेले की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने प्रशासनिक टीम के साथ मंदिर से लेकर गंगाघाट और मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन-पूजन कराने और उनकी सुविधाएं दुरुस्त रखने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

श्रद्धालुओं की सेवा में नहीं छोड़ी जाएगी कोई कसर : पंकज द्विवेदी
विंध्याचल। शारदीय नवरात्र में पंडा समाज के पदाधिकारी भी श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहेंगे। श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पंडा समाज के पदाधिकारी ड्रेस कोड और परिचय पत्र के साथ तैनात रहेंगे। अध्यक्ष ने पंडा समाज के सभी पदाधिकारियों से कहा कि वे श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता से पेश आएं। दर्शन-पूजन के दौरान ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे आस्थाधाम की छवि धूमिल हो।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed