मिर्जापुर। क्रिसमस पर बृहस्पतिवार को मिशन कंपाउंड स्थित इमानुएल चर्च सहित विभिन्न चर्चो में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। मसीही समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से बाइबिल का पाठ किया। प्रार्थना सभा के पश्चात घर पहुंचे लोगों ने केक काटकर प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। मिशन कंपाउंड स्थित एमानुएल चर्च, पीली कोठी सेंट मेरी चर्च के अलावा पीलीकोठी सेंट मेरीज चर्च, भुजवा चौकी स्थित इटरनल ग्रेस चर्च में मसीही समुदाय के लोगों ने विशेष प्रार्थना सभा की। एमानुएल चर्च में हुई प्रार्थना सभा के बाद फादर सुरेश मसीह ने लोगों से प्रभु यीशु का संदेश अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। इस दौरान मिस्टर फार्मर, सोनू वॉकर, अर्पित जोग, मिनी फार्मर, शाहिल साइमन, अनीता वॉकर आदि मौजूद रहे। पीली कोठी स्थित सेंट मेरी चर्च में प्रभु यीशु की आराधना की गई। फादर ने कहा ईश्वर ने संसार को इतना प्यार किया कि उसने अपने इकलौते पुत्र को इस संसार में भेजा। उधर इटरनल ग्रेस चर्च में मसीही समुदाय के लोगों ने विशेष प्रार्थना में भाग लेकर एक दुसरे को क्रिसमस की बधाई दी। इस अवसर पर चेयरमैन रेव्ह विजय कुमार एम सहित अन्य मौजूद रहे। चुनार: लोवर लाइंस स्थित रंग बिरंगी झालरों से सजाए गए संत थामस चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। फादर संतोष कुमार ने पूजा-अर्चना कराई। शाम को चर्च के भीतर भक्ति गीतों की मधुर धुनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बाइबिल पाठ करते हुए फादर संतोष कुमार ने प्रेम, करुणा और सेवा के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सिस्टर मनीषा, सिस्टर ग्रेटी, सिस्टर नीतिका, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।