यूपी: सीएमओ कार्यालय के लिपिक को एमपी पुलिस ने उठाया, साइबर क्राइम से जुड़ा मामला
मध्य प्रदेश पुलिस साइबर क्राइम मामले में पूछताछ करने के लिए कोतवाली लेकर गई है। लिपिक पर सरकारी आवास में साइबर क्राइम के आरोपी को पनाह देने का आरोप है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश में हुए साइबर क्राइम मामले में आरोपित की तलाश करते यहां आई एमपी पुलिस ने आरोपित को अपने सरकारी बंगले में चार दिनों तक पनाह देने वाले सीएमओ कार्यालय के लिपिक अमित सिंह को उठा लिया है। उनसे शहर कोतवाली में पूछताछ की जा रही है। छानबीन के बाद पुलिस लिपिक को अपने साथ मध्य प्रदेश ले जा सकती है।
मध्य प्रदेश में जबलपुर में एटीएम से धोखाधड़ी की गई थी। जबलपुर पुलिस साइबर क्राइम का मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। यह पता चलने पर कि साइबर क्राइम का आरोपित मिर्जापुर गया है। वहां उसे सीएमओ कार्यालय के लिपिक अमित सिंह ने अपने सरकारी आवास में पनाह दी है, जबलपुर पुलिस का एक इंस्पेक्टर, एक एसआई और दो कांस्टेबल शनिवार भोर में शहर कोतवाली पहुंच गए।
स्थानीय पुलिस के साथ टीम सीएमओ कार्यालय स्थित लिपिक अमित सिंह के सरकारी आवास पर पहुंची। वहां आरोपित तो नहीं मिला पर पुलिस लिपिक अमित सिंह को शहर कोतवाली ले आई। वहां उनसे पूछताछ की जा रही है। अमित सिंह वाराणसी से स्थानांतरित होकर आए है।
वाराणसी में अभी सरकारी आवास खाली नहीं किया है। यहां पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के आवास में रह रहे हैं। आरोपित उनका रिश्तेदार बताया जा रहा है। इस संबंध में सीएमओ डा. पीडी गुप्ता ने बताया कि जानकारी मिली है कि लिपिक अमित सिंह को एमपी की पुलिस ले गई है। मामला स्वास्थ्य विभाग का नहीं है। शहर कोतवाल रविंद्र कुमार यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश की पुलिस साइबर क्राइम के संबंध में लिपिक अमित सिंह को लेकर आई है। पूछताछ कर रही है।