अदलहाट। भदोही के कर्मा देवी बनवारी लाल इंटर कॉलेज रोही में बुधवार देर शाम संपन्न 70वीं मंडलीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मिर्जापुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनभद्र और भदोही को पछाड़कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया।
बालिका वर्ग की सीनियर टीम ने सोनभद्र और जूनियर टीम ने भदोही को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, सब जूनियर बालिका वर्ग में मिर्जापुर की टीम उपविजेता रही। बालक वर्ग में सीनियर और सब जूनियर दोनों वर्गों में मिर्जापुर की टीम चैंपियन बनी।
कनिका कुमारी, चांदनी, अपराजिता, आंचल, पायल, राजनंदनी, शिवम, लालू और शनि ने उम्दा खेल का प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कोच प्रवीण कुमार सिंह और भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।