मिर्जापुरः खनन माफिया ने एआरटीओ को नौकरी खत्म करने की दी धमकी, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
मिर्जापुर में वाहन चेकिंग के दौरान बालू लदे ओवरलोड 24 ट्रक सीज कर दिया गया। इस पर मध्यप्रदेश के दो खनन माफिया ने एआरटीओ से अभद्रता कर उनकी नौकरी खत्म करने की धमकी दी।
विस्तार
मिर्जापुर में शुक्रवार को वाहनों की जांच के दौरान 24 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर देने पर कार सवार मनबढ़ों ने एआरटीओ विवेक शुक्ला को धमकी दी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर हलिया पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को जेल भेजने की कार्रवाई चल रही है।
एसडीएम विजय नारायण सिंह, सीओ उमाशंकर सिंह और एआरटीओ विवेक शुक्ल टीम के साथ शुक्रवार भोर में हलिया-मनिगढ़ा मार्ग पर ग्राम बडौही के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मनिगढ़ा की ओर से करीब दो दर्जन ट्रकों का काफिला आता दिखा।
टीम ने ट्रकों को रोका तो काफिले के आगे चल रहे कार सवार गाड़ी से उतरकर एआरटीओ के साथ अभद्रता की और अवैध वसूली का आरोप लगाकर नौकरी खत्म कराने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। बालू लेकर आ रहे सभी 24 ट्रक ओवरलोड थे सभी को सीज कर दिया गया।
पैसा न देने पर नहीं करने देते लोडिंग
एआरटीओ विवेक शुक्ला ने थाने में दी तहरीर में बताया कि ट्रकों की जांच के दौरान कार सवारों ने धमकी दी। ट्रक चालकों से पूछने पर बताया कि कार सवार मध्यप्रदेश सीधी जिले के बहेरी थाना क्षेत्र निवासी पप्पू सिंह और उसका साथी डेविड सिंह है। दोनों खनन माफिया हैं।
मिर्जापुर बार्डर तक पुलिस प्रशासन को मैनेज करने के लिए प्रत्येक ट्रक से 35 सौ रुपये जबरदस्ती लेते हैं। पैसा न देने पर लोडिंग नहीं करने देते हैं। मारपीट कर गाड़ियों के कागजात छीन लेते हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि एआरटीओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पप्पू सिंह और डेविड सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। 24 ओवरलोड ट्रकों को सीज किया गया है। आरोपितों को जेल भेजने की कार्रवाई चल रही है।