मिर्जापुर। परीक्षा की तैयारी में छात्रों को किसी प्रकार समस्या न हो इसके लिए मंगलवार को दूसरे दिन भी अभियान चलाया गया। दो दिनों में 63 स्थानों पर ध्वनि विस्तार यंत्रों (लाउडस्पीकर) की आवाज को निर्धारित मानक सीमा तक कम कराया गया। मानक से अधिक लगे 14 लाउडस्पीकरों को उतवाया गया।
त्योहार के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में डीजे, धवनि विस्तारक यंत्रों, लाउस्पीकर के नियम विरुद्ध अनियंत्रित प्रयोग, धार्मिक, पूजा स्थलों, सार्वजनिक स्थलों व मैरेज लॉन, हॉल में देर रात तक नियम विरुद्ध तीव्र गति से ध्वनि विस्तारक यंत्र व लाउडस्पीकर बजाए जाने से छात्रों द्वारा की जा रही परीक्षाओं की तैयारियों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। जिस पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने कार्रवाई का निर्देश दिया। दो दिन चले अभियान में पुलिस टीम ने सार्वजनिक, धार्मिक स्थानों व मैरेज लॉनों का भ्रमण कर 165 स्थानों पर जांच किया। इस दौरान कुल 63 स्थानों पर ध्वनि विस्तार यंत्रों की आवाज को कम कराया और 14 लाउडस्पीकर को उतरवाया गया।