मिर्जापुर जिले में भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त को पहुंचेगी, इसके साथ ही जिले की सांसद और केंद्रीय उद्योग वाणिज्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल भी पधारेंगी। यात्रा को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित कर स्वागत की रणनीति बनाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने बताया कि सांसद अनुप्रिया पटेल प्रयागराज से चलकर जिले की सीमा पर गुलाब कली देवी महाविद्यालय जिगना पहुंचेंगी। वहां यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बिहसड़ा, गैपुरा, शहीद राकेश सिंह द्वार बिरोही पर शहीद के चित्र पर माल्यार्पण, नरसिंह आश्रम के महात्मा को अंग वस्त्र प्रदान कर मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर अटल चौक पर यात्रा पहुंचेगी। यहां अटल के साथ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संग मोहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के टीकाकरण केंद्र पर टीकाकरण कार्यक्रम का वह जायजा लेंगी। इसके बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लायंस स्कूल पहुंचेगी। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अपना दल (एस) की तरफ से उनका स्वागत किया जाएगा। बैठक में नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य , छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री व यात्रा संयोजक हरिशंकर सिंह पटेल ने किया।