मिर्जापुर। पत्रकार की पिटाई और फिर शांति भंग में चालान किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने आरोपी दरोगा उदय नारायण व कांस्टेबल पुष्पेंद्र कुमार वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच सीओ लालगंज को सौंपी है। यह जानकारी एसपी नक्सल ओपी सिंह ने दी।
उधर, ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के करनपुर (बबुरा रघुनाथ सिंह) निवासी अभिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर उपनिरीक्षक व तीन अन्य पुलिस कर्मियों पर उन्हें मारने-पीटने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। अभिनेश का आरोप है कि वे ड्रमंडगंज घाटी में हुई एक ट्रक दुर्घटना व उसमें हुई दो लोगों की मौत का समाचार संकलित करने के लिए गए थे। वहां ड्रमंडगंज थाने की पुलिस भी मौजूद रही। अभिनेश का आरोप है कि उनमें से एक उप निरीक्षक व तीन अन्य पुलिसकर्मी उन्हें अकारण ही पकड़कर थाने ले गए। वहां उन्हें खूब मारा-पीटा गया। उसके बाद शांति भग में चालान कर दिया गया। यह आरोप भी लगाया है कि जब उन्होंने कारण जानने की कोशिश की तो उन्हें फिर से मारा-पीटा गया और उनका मोबाइल फोन लेकर स्विच ऑफ कर दिया गया। इसके चलते अपने परिजनों को सूचना नहीं दे सके। उन्होंने मारने-पीटने के आरोपी उपनिरीक्षक व पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।