विंध्याचल थाना क्षेत्र के रेहड़ा चुंगी के पास मंगलवार की रात को पैसे के लेन-देन के विवाद में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले आरोपितों के खिलाफ बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में है।
पुरानी वीआईपी निवासी दीपू पांडेय ने बृहस्पतिवार को विंध्याचल थाने में तहरीर देकर बताया कि कुछ महीने पहले उधार के रूप में विन्ध्याचल निवासी श्री उपाध्याय से रुपये लिया था। अपने निर्धारित समय पर रुपये वापस न कर पाने पर प्रताड़ित किया जा रहा था। मंगलवार रात को रेहड़ा चुंगी के पास दूसरे पक्ष से चार लोग पैसा मांगने लगे और वाद विवाद होने लगा। जिसके बाद चारों युवकों ने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया। इसके बाद मौके से भाग गए। जल रहा युवक किसी तरह से आग बुझा कर चिकित्सक के पास गया। जहां मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दीपू पांडेय की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने चोर आरोपितों पर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। विंध्याचल कोतवाल शैलेंद्र राय ने बताया कि दीपू पांडेय ने श्री उपाध्याय से 45 हजार रुपये उधार लिया था। उधार पैसा न देने पर पेट्रोल डालकर जलाया। दीपू आग लगने से ज्यादा जलने से बच गया। बृहस्पतिवार को तहरीर मिलने के बाद श्री उपाध्याय, शक्तिमान मिश्रा, मोनू त्रिपाठी, अकिल खां के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उनकी तलाश की जा रही है।