यूपी: ओवरटेक कर एसओजी को टक्कर मारने के मामले में पूर्व सांसद के पुत्र गए जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हुब्बीगंज बाजार में शनिवार की शाम पूर्व सांसद उमाकांत यादव के पुत्र और समर्थकों की ओर से एसओजी के वाहन को ओवरटेक कर रोकने, टक्कर मारने और अभद्रता करने जैसे आरोपों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर के बाद पूर्व सांसद पुत्र रविकांत समेत पांच लोगों को जेल भेजा गया है। मामले को लेकर दीदारगंज थाने पर देर रात तक गहमागहमी बनी रही।
पूर्व सांसद उमाकांत यादव के पुत्र रविकांत यादव शनिवार की शाम दीदारगंज थाना क्षेत्र के हुब्बीगंज बाजार से अपने समर्थकों के साथ गुजर रहे थे। इसी दौरान एसओजी का वाहन आगे निकल गया। एसओजी के वाहन में पूरी टीम के साथ ही दीदारगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह भी मौजूद थे।
एसओजी वाहन के आगे निकलते ही पूर्व सांसद पुत्र ने भी अपना वाहन पीछे लगा दिया सिंगल रोड पर ओवरटेक करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान दोनों वाहनों की टक्कर भी हो गई। पूर्व सांसद के पुत्र ने ओवरटेक कर एसओजी के वाहन को रोक लिया।
इस दौरान एसओजी टीम के साथ अभद्रता भी की गई। इसके बाद एसओजी की टीम ने पूर्व सांसद पुत्र व उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया और वाहन के साथ दीदारगंज थाने ले आए। इसकी जानकारी होते ही पूर्व सांसद पुत्र के समर्थक थाने पर जुटने लगे।
भीड़ बढ़ती देख उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। जिस पर कई थाना पुलिस फोर्स के साथ ही एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक थाने पर गहमागहमी बनी रही। फूलपुर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हुब्बीगंज-बैरकडीह के बीच पूर्व सांसद उमाकांत यादव के बेटे रविकान्त यादव ने अपने वाहन से एसओजी की वाहन को ओवरटेक कर पुलिस से अभद्रता की।
पुलिस वाहन को टक्कर मारने के मामले सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूर्व सांसद पुत्र रविकान्त यादव सहित पांच लोगों को जेल भेज दिया है।