चील्ह। ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत कोन की मंगलवार को हुई बैठक में सदस्यों ने तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया। प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से कार्ययोजना मांगी। क्षेत्र पंचायत की बैठक में ब्लॉक प्रमुख ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पूर्व में हुई कार्रवाई की पुष्टि करते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, समस्त पेंशन, राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन, पेयजल आदि पर विचार किया गया। राज्य वित्त, पंचम वित्त, 15 वें केंद्रीय वित्त आयोग के कार्य योजना एवं परिव्यय पर विचार किया गया। मनरेगा अधिनियम को लेकर लेबर बजट तैयार करने और अनुमोदित करने पर विचार किया गया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य अजय यादव ने किसानों के लिए खाद की समस्या को उठाया। इस पर एडीओ पंचायत ने बताया कि 1 एकड़ जमीन पर एक बोरी डीएपी व दो बोरी यूरिया का प्रावधान है। क्षेत्र पंचायत सदस्य भारतेंदु यादव ने क्षेत्र में बिजली के समस्याओं पर सवाल उठाया। इंडियन बैंक मैनेजर सपना रवि ने सभी उपभोक्ताओं से ई- केवाईसी करने का आग्रह किया। समाजसेवी अनिल सिंह ने सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया। सदन की अध्यक्षता कर रही ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी सिंह ने सभी विषयों पर विचार करते हुए सभी उपस्थित सदन के सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक के अंत में दिल्ली बम ब्लास्ट में मारे गए लोगों के लिए दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। बैठक में खंड विकास अधिकारी रामराज कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य अजय यादव ,भारतेंदु यादव, डॉक्टर बृजेश यादव, इंडियन बैंक के मैनेजर सपना रवि, रणजीत सिंह, मोनू सिंह, संदीप सिंह, प्रधान अनिल यादव, जंग बहादुर यादव, हरिशंकर सरोज सहित समस्त ब्लॉक कर्मचारी व समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।