सावधान: साइबर अपराधी ऑनलाइन गेम जीतने वालों के खाते में भेज रहे ठगी के रुपये, रोज आ रहे एक-दो मामले
साइबर ठगों द्वारा दिन-ब-दिन नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ऐसे में अब ऑनलाइन गेम खेलने वालों को सावधान रहने की जरूरत है। इसकी वजह है कि साइबर अपराधी अब ऑनलाइन गेम जीतने वालों के खाते में रुपये भेज रहे हैं।
विस्तार
ऑनलाइन गेम खेल रहे हैं तो सावधान रहिए। साइबर अपराधी न सिर्फ आपका अकाउंट खाली कर सकते हैं, बल्कि आप खुद पुलिस की जांच के दायरे में भी आ सकते हैं। साइबर ठग कहीं और से की गई ठगी का पैसा ऑनलाइन गेम जीतने वालों के खाते में भेज रहे हैं। ऑनलाइन गेम जीतने वाला पैसे को नहीं निकाल पा रहा है। कारण कि ठगी का पैसा आने के कारण उस खाते के लेन-देन पर रोक लग जा रही है। साइबर थाने के साथ पुलिस थानों पर बने साइबर सेल में इस तरह के प्रतिदिन एक-दो मामले आ रहे हैं।
साइबर थाना प्रभारी राम नरायन राम ने बताया कि साइबर अपराधी प्रतिदिन नए पैंतरे अपना रहे हैं। नए-नए पैंतरों से लोगों को लालच देकर ठगी कर रहे हैं। पहले साइबर अपराधी ठगी कर पैसा कमाते थे, लेकिन अब उस ठगी के पैसे को अपने पास न रखकर ऑनलाइन गेम खेलने वालों को देकर उनके पास से आने वाले पैसे को अपना बना रहे हैं। इस तरह उनके अकाउंट में आने वाला पैसा सुरक्षित रहता है और दूसरे से ठगी वाले पैसे को ऑनलाइन गेम जीतने वालों को देकर उन्हें फंसा देते हैं।
इसे भी पढ़ें; लोलार्क छठ 17 सितंबर को: सात साल बाद बन रहे सात महायोग, लोलार्क कुंड में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
लोग मुनाफे का लालच में ऑनलाइन गेम में पैसा लगाते हैं तो उन्हें दोगुना-तीन गुना से अधिक पैसा जीतने का लालच दिया जाता है। वे जीतते हैं तो लालच में और पैसा लगाते हैं। वे मेहनत की कमाई का पैसा गेम में लगाते हैं, लेकिन ठग उन्हें सही पैसा न देकर ठगी का पैसा देते हैं।
साइबर ठग जो पैसा ठगी में हासिल किए रहते हैं, उसे एक खाते से दूसरे खाते में भेजते हैं। ठगी मामले की शिकायत की जांच करते समय पुलिस जिन खातों में पैसा गया रहता है, उनकी जांच करती है। खातों में आए पैसे को फ्रीज करा दिया जाता है। ऐसे में ऑनलाइन गेम जीतने पर आए पैसे वाले खाते भी सीज हो जाते हैं।
साइबर ठग लालच देकर दूसरे का खाता चलाते हैं
साइबर ठग पैसे का लालच देकर या धोखा देकर दूसरे का खाता ले लेते हैं। ठगी करने पर पहली बार उस खाते में पैसा मंगाते हैं। फिर वहां से पैसे को कई टुकड़ों में दूसरे खातों में भेजते हैं। इसी तरह यह पैसा ऑनलाइन गेम जीतने वाले के खाते में भी भेज देते हैं।
केस-एक
ऑनलाइन गेम खेलते समय एक हजार रुपये लगाने पर दो हजार रुपये जीत गए। इसके बाद दो हजार रुपये लगाकर चार हजार रुपये जीते। फिर 20 हजार रुपये लगाकर 40 हजार रुपये जीत गए। अब पैसा खाते से नहीं निकल रहा है। बैंक जाने पर पता चला कि पुलिस ने खाते के पैसे को फ्रीज कराया है। साइबर थाने में शिकायत की गई। वहां बताया गया कि खाते में जो पैसा आया है, वह साइबर ठगी का पैसा है।
केस-दो
चील्ह निवासी एक युवक साइबर थाने पर आया और बताया कि उसके खाते पर रोक लग गई है। पूछने पर बताया कि ऑनलाइन गेम खेल रहा था। जीतने पर 13 रुपये आए थे। उसके बाद खाते पर रोक लग गई।
अधिकारी बोले
अनधिकृत ऑनलाइन गेम खेलने से बचें। अनधिकृत प्लेटफार्म आपके अकाउंट को भी खाली कर सकते हैं। जिले में अभी ऐसा मामला नहीं आया है, पर ऐसा होता है। जिले में ऑनलाइन गेम खेलते समय पैसा जीतने पर खाता फ्रीज होने के मामले आ रहे हैं। जांच करने पर पता चला कि ऑनलाइन गेम खेलने पर जो पैसा आया था, वह साइबर ठगी का पैसा था। इसलिए खाते को फ्रीज किया गया। इसलिए जहां पर लालच मिल रहा है, वहां सतर्क रहिए। साइबर ठगी के शिकार हों तो तुरंत 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराइए।
-राम नरायन राम, साइबर थाना प्रभारी