क्रशर प्लांट में मौत मामला: चार पर प्राथमिकी, चार मजदूरों की गई थी जान; ब्लास्टिंग से कमरा धराशायी हुआ था
अहरौरा स्थित भगौती देई पहाड़ी के क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के कंपन से कमरा और डग गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने खदान मालिक, क्रशर प्लांट मालिक और विस्फोटककर्ता समेत पांच नामजद व अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौती देई पहाड़ी पर क्रशर प्लांट हादसे में चार मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक के परिजन की तहरीर पर खदान मालिक, क्रशर प्लांट मालिक और विस्फोटक करने वाले व्यक्ति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों में मधुसूदन सिंह, मनोज यादव, शिवकुमार पटेल उर्फ पिंटू, विनोद पटेल और आनंद पटेल शामिल हैं।
शनिवार दोपहर अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई पहाड़ी पर संचालित क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के कंपन से एक कमरा और डग धराशायी हो गया था। हादसे के समय चार मजदूर कमरे में बैठकर ताश खेल रहे थे। अचानक कमरा गिरने से चारों मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर चारों मजदूरों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सूर्यबली ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के साथ कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ ही क्रशर प्लांट में सुरक्षा मानकों और ब्लास्टिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: एक गांव से निकली चार अर्थियां...घर की जिम्मेदारी उठाने निकले थे, अब परिवार बेसहारा; रक्षाबंधन पर बिताया था साथ
एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया कि परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।