मिर्जापुर: अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल कोरोना पॉजिटिव, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पूरी तरह से स्वस्थ
अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष व एमएलसी आशीष पटेल कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री एवं मिर्जापुर सांसद अनुप्रिया पटेल के संक्रमित होने की भी चर्चा रही। हालांकि वो पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
विस्तार
अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष व एमएलसी आशीष पटेल कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी। दूसरी तरफ उनकी पत्नी व केंद्रीय मंत्री एवं मिर्जापुर सांसद अनुप्रिया पटेल के संक्रमित होने की भी चर्चा रही। हालांकि पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पटेल ने बताया कि मिर्जापुर सांसद पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
इधर, गुरुवार को जौनपुर के रामपुर भाऊपुर में आयोजित विजय संकल्प जनसभा से पहले मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कहा कि यह मेरी आखिरी रैली है। कोरोना खतरे को देखते हुए मैंने सभी रैलियों को रद्द कर दिया है। लोगों के जीवन की सुरक्षा प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों को कोविड-19 की वैक्सीन लगवाने और स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन का पालन कड़ाई से करने की अपील की।
लोग प्रधानमंत्री पद का नहीं कर रहे सम्मान
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के सवाल पर कहा कि पीएम देश की धरोहर हैं। वह किसी राजनीतिक दल के नहीं होते है,वह देश के होते हैं। उनकी सुरक्षा में जो चूक हुई है वह अक्षम है, मैं निंदा करती हूं। मुझे इस बात का दु:ख है लोकतंत्र की भावना इतनी कमजोर हो गई है हम देश के प्रधानमंत्री के पद का सम्मान नहीं कर पा रहे हैं।
भाजपा से सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि तीन चुनाव हम मिलकर लड़े हैं। अब चौथी बार भी चुनाव साथ लड़ेंगे। हमारी बातचीत सकारात्मक दिशा में चल रही है। सीट की संख्या पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी। थोड़ा सा इंतजार करिए, सब कुछ सामने होगा। जौनपुर से पूर्व सांसद को अपनी पार्टी से टिकट देने के सवाल पर कहा कि उनकी पार्टी टिकट नहीं दे रही है।
पढ़ेंः भाजपा सांसद रविंद्र कुशवाहा बोले- पंजाब में हुए षड्यंत्र के सूत्रधार हैं राहुल गांधी
मिर्जापुर: लगातार छठवें दिन मिले चार कोरोना संक्रमित
मिर्जापुर जिले में कोविड संक्रमित मरीज की संख्या फिर से बढ़ने लगी है। तीन दिनों तक एक-एक संक्रमित मिलने के बाद चौथे दिन दो, पांचवें दिन तीन और बृहस्पतिवार को छठवें दिन चार संक्रमित मिले हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 12 हो गई है। हालांकि ओमिक्रान की पुष्टि किसी में नहीं हुई है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 11 हजार 55 है।
अब तक 10 हजार 226 लोग कोविड से उबर चुके हैं। जिले में अब तक 117 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. राजीव सिंघल ने बताया कि जिले में बृहस्पतिवार को 2823 की रिपोर्ट आई। इसमें एक संक्रमित मिला है। तीन संक्रमितों की रिपोर्ट गैर जनपद में जांच के बाद आई है। सभी होम आईसोलेशन में हैं।