मिर्जापुर। पथरहिया स्थित विकास भवन के सभागार में शुक्रवार को खंड विकास अधिकारियों की बैठक में सीडीओ ने विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें विशेष रूप से पीएम आवास, मनरेगा, रिजेक्टेड पेमेंट के पुन: भुगतान की समीक्षा तथा एनआरएलएम योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल थीं।
सीडीओ अविनाश सिंह ने कहा कि विकास कार्य शुरू हो चुके हैं। सभी बीडीओ इस बात का ध्यान रखें कि कार्य करते समय श्रमिकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य रूप से हो। साथ ही उनका सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। कार्य स्थल पर गर्म पानी व हाथ धोने का साबुन व सैनिटाइजर की उपलब्धता आवश्यक है। सीडीओ ने कहा कि पीएम आवास में जो भी निर्धारित लक्ष्य है उसको समय से पूरा किया जाए। साथ ही मनरेगा के कार्यों में विशेष रूप से सतर्कता बरती जाए। इसके साथ ही एनआरएलएम के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा मास्क बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने कहा कि कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अनियमितता मिलती है तो कठोर कार्रवाई होगी। इस अवसर पर परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय, डीडीओ एएन मिश्र, डीसी मनरेगा मो. नफीस व अन्य थे।