फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mirzapur News ›   CM Yogi Adityanath arrives in Vindhyachal offers prayers at shrine of Maa Vindhyavasini in mirzapur

CM Yogi: विंध्याचल पहुंचे सीएम योगी, बोले- नवरात्र मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाएं, सुगम दर्शन की करें व्यवस्था

Tue, 17 Mar 2026 12:39 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर।
अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर। Published by: Pragati Chand Updated Tue, 17 Mar 2026 12:39 PM IST
सार

Mirzapur News: मिर्जापुर जिले में मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन किए। 

विज्ञापन
CM Yogi Adityanath arrives in Vindhyachal offers prayers at shrine of Maa Vindhyavasini in mirzapur
विंध्याचल में सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जिले का दौरा कर विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए मां को लाल चुनरी अर्पित की और विधिवत आरती की। मुख्यमंत्री ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 10:35 बजे विंध्याचल पहुंचकर सबसे पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों का जायजा लिया और जिला प्रशासन को श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन




साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण कर वहां लगे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्टॉल भी देखे तथा श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्र मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री मड़िहान क्षेत्र के देवरी गांव पहुंचे, जहां निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन




बच्चों को दिए चाॅकलेट
कॉरिडोर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चो के पास पहुंचकर उनसे बातचीत की। उनका हाल चाल पूछा और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मोबाइल का प्रयोग कम से कम करने की सीख दी और उन्हें चाॅकलेट भी दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन



कैबिनेट मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री के मोतीझील स्थित हेलीपैड पर हेलीकाॅप्टर से उतरते ही उनका प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, सदस्य विधान परिषद श्याम नरायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मिर्जापुर श्याम सुंदर केसरी, जिला अध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, नितिन विश्वकर्मा ने अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया।

पश्चिम बंगाल के दर्शनार्थियों को भेंट किया पौधा
विंध्याचल मंदिर परिसर में पौध प्रसादम स्थल का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उप निदेशक उद्यान मेवा राम ने इस अनूठे अभियान के बारे में सीएम को बताया। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल से आए पांच दर्शनार्थियों को अमरुद, बेल, जामुन, सहजन व कटहल का पौधा भेंट किए। कहा कि वे इन पौधों की देखभाल उसी प्रकार करें जैसे माता पिता बच्चों की देखभाल करते हैं।

विकास कार्यों को समय पर पूरा करते हुए गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अष्टभुजा डाकबंगला में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मेला क्षेत्र में स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर पालिका और पंचायती राज विभाग पूरे मेला क्षेत्र तथा घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए मंदिर परिसर, तीनों मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही विंध्याचल को स्वच्छ और सुंदर रूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, महिलाओं सहित सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पेयजल, शौचालय, विद्युत और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। मेला क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने और श्रद्धालुओं को अनावश्यक पैदल दूरी तय न करनी पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की तैनाती और श्रद्धालुओं के लिए लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई व सुंदरीकरण के साथ योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग्स लगाने को कहा। कानून व्यवस्था पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने गो तस्करी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पुराने राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण, जनप्रतिनिधियों व उद्यमियों के साथ संवाद कर समस्याओं के समाधान और नए निवेशकों को भूमि उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में अधिकारियों ने मेला व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीएल वर्मा, परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. संजीव कुमार, उपायुक्त एनआरएलएम रमाशंकर सिंह, डीसी मनरेगा सुशांत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसा पाठ्यक्रम चलाएं, जो युवाओं के लिए रोजगारपरक, नवाचार व कौशलयुक्त हो : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विंध्याचल के कार्यक्रम के बाद विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में मौलश्री का पौधा लगाया और विश्वविद्यालय के अकादमिक व प्रशासनिक ब्लॉक का निरीक्षण भी किया। कहा कि ऐसा पाठ्यक्रम चलाएं जो युवाओं के लिए रोजगार परक, नवाचार व कौशलयुक्त हो।

मुख्यमंत्री ने 31 मई तक विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा करने, विश्वविद्यालय के अंदर सड़कों का निर्माण करने और परिसर में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता का हर हाल में पालन होना चाहिए। कर्मचारियों की नियुक्ति का आश्वासन दिया।

कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है। हमारी सरकार ने मां विंध्यवासिनी के नाम पर जिले के युवाओं के लिए विश्वविद्यालय देकर बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया है। इसके निर्माण में हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि वर्षाकाल में वन विभाग से समन्वय स्थापित कर वृहद पौधरोपण अभियान चलाएं। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हरियाली बढ़ाने को कहा।

मुख्यमंत्री के आगमन पर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, विधायक मड़िहान रमाशंकर पटेल, प्रमुख सचिव (उच्च शिक्षा) महेंद्र अग्रवाल, आयुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, कुलसचिव राम नारायण, परीक्षा नियंत्रक महेंद्र कुमार, डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed