मिर्जापुर। गर्मी के मौसम में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने आई केंद्रीय टीम ने शनिवार को मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने सभी वार्डों का निरीक्षण कर दवा और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। व्यवस्था से संतुष्ट दिखने के बाद टीम लौट गई। रविवार को टीम किसी सीएचसी का निरीक्षण करेगी।
उत्तर प्रदेश में गर्मी में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को देखते हुए केंद्रीय टीम निरीक्षण कर रही है। आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च) की केंद्रीय टीम जिलों का भ्रमण कर वहां व्यवस्था का जायजा ले रही है। डाॅ. एमए रिजवान और डाॅ. सरन मुरली की टीम शनिवार को मंडलीय अस्पताल पहुंची। टीम को वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. अरविंद सिन्हा, प्रबंधक अनुज ठाकुर और फार्मासिस्ट प्रदीप त्रिपाठी ने अस्पताल का भ्रमण कराया। टीम सबसे पहले गर्मी में बीमार होकर आने वाले मरीजों के लिए बने नए वार्ड में पहुंची। वहां एसी लगाने के लिए कहा गया। वार्ड बड़ा होने के कारण वहां एक एसी से काम चलना संभव नहीं था। टीम को बताया गया कि गंभीर मरीजों को अलग एसी कक्ष में रखा जा रहा है। यहां कूलर लगा है। टीम ने दवा और आईसपैक के साथ ही ड्यूटी रोस्टर का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही मरीजों और अस्पताल कर्मियों से बात भी की। इसके बाद बच्चा वार्ड का निरीक्षण किया। अस्पताल की व्यवस्था देख टीम ने संतुष्टि दिखाई। टीम रविवार को किसी सीएचसी का निरीक्षण करेगी।