वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर शनिवार को देर रात बैजू बाबा आश्रम मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी गिट्टी लदे ट्रेलर में टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
चंदौली के बबुरी निवासी दो युवक बाइक पर सवार होकर शनिवार को देर रात सोनभद्र से अपने घर जाने के लिए अहरौरा की ओर लौट रहे थे। वे बैजू बाबा आश्रम मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े गिट्टी लदी ट्रेलर में जाकर टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार राजू गुप्ता (24) पुत्र मुक्खू व वीरेंद्र (26) निवासी अंबर पियरी, बबुरी, जिला चंदौली गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान राजू गुप्ता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बलवंत को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे परिवार के लोग शव देखते ही दहाड़ें मारकर रोने लगे। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है और दूसरा घायल हो गया है।