विंध्याचल। पत्नी के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आए सेवानिवृत्त उप निरीक्षक परिक्रमा पथ के पास गश खाकर गिर गए। उनको उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
वाराणसी जिले के पांडेयपुर निवासी भगवती पांडेय (65) पत्नी राधा देवी के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे थे। हाथों में माला-फूल और प्रसाद लेकर परिक्रमा पथ पर पहुंचे ही थे कि अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद तीर्थ पुरोहित और पुलिसकर्मियों ने प्राइवेट साधन से उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां डाॅ. संतोष कुमार सिंह ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। विंध्याचल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। साथ ही परिजनों को सूचना दी। भगवती की पत्नी राधा देवी ने रोते हुए बताया कि माई त दर्शन नहीं दीहीं, अपने द्वार से वापस कर दीं। यही शब्द कहकर वे बेहोश हो जा रही थीं। भगवती मूल रूप से मिर्जापुर जिले के ही निवासी हैं, लेकिन पुलिस विभाग में होने के कारण गैर जनपद में तैनाती थी। वाराणसी के एक थाने से उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके दो पुत्रों में से बड़े की शादी हुई है। एक साल पहले छोटे पुत्र की मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि एक दंपती दर्शन-पूजन के लिए आए थे। पति गश खाकर जमीन पर गिर गए। अस्पताल ले जाने पर डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।