मिर्जापुर। विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट व नगर पालिका परिषद की ओर से शनिवार को रैली निकालकर रक्तदान के प्रति किया जागरूक किया। स्वामी विवेकानंद की जयंती व राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में घंटाघर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन है। नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के नेतृत्व में घंटाघर प्रांगण से निकली रैली ओलियर घाट, वासलीगंज, खजांची चौराहा, गिरधर चौराहा, पेहटी चौराहा, पक्की सराय होते हुए वापस घंटाघर परिसर में आकर समाप्त हुआ। रैली में नगर पालिकाध्यक्ष के साथ ही विभिन्न वार्डों से आए सभासद व सभासद प्रतिनिधि, ब्रह्मकुमारीज परिवार के सदस्य, घंटेश्वर महादेव सेवा समिति के सदस्य, एनसीसी कैडेट्स सहित नगर के गणमान्य जन मौजूद रहे। रैली के दौरान स्वामी विवेकानंद के पोस्टर के साथ रक्तदान को बढ़ावा देने वाले पोस्टर, हैंडबिल इत्यादि हाथ में लेकर नारे लगाते हुए चलते हुए लोगों ने नगर में रक्तदान के प्रति एक सकारात्मक संदेश दिया। नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने रक्तदान की आवश्यकता को बताते हुए लोगों से बड़ी संख्या में आकर रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर कृष्णानंद हैहयवंशी, राधेश्याम गुप्ता, अभिषेक साहू, सत्यनारायण जायसवाल , शिव शुक्ला, श्रीकिशन कसेरा, विकास यादव, शशिधर साहू, ऋषभ जायसवाल, अलंकार जायसवाल आदि रहे।